शैक्षणिक सत्र के बीच में जारी तबादलों के कारण कई स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों से अधिकांश शिक्षकों ने अपने तबादले सामान्य क्षेत्रों में करवा लिए हैं। प्रदेश में कई ऐसे स्कूल हैं जो दो से तीन शिक्षकों के सहारे चल रहे हैं।
उदाहरण के तौर पर ठियोग तहसील के दूरदराज क्षेत्र राजकीय उच्च पाठशाला जराई में भाषा अध्यापक और ड्राइंग मास्टर के पद साल भर से खाली चल रहे थे और अब पिछले दिनों शारीरिक शिक्षक का भी तबादला कर दिया गया है।
कई मंत्री और विधायक भी इस तरह के मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष उठा चुके हैं। इसके चलते राज्य सरकार ने अब शिक्षकों के लिए तबादला नीति बनाने पर दोबारा काम शुरू कर दिया है।