फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टैक्स जमा नहीं करने पर अटैच हो सकती है कांग्रेस दफ्तर की संपत्ति

Mon, 04 Sep 2017 02:54 PM IST
अशोक चौहान /अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
पिछले सात साल से टैक्स जमा न करने पर नगर निगम शिमला की ओर से कांग्रेस कार्यालय की संपत्ति को अटैच किया जा सकता है। ये कार्रवाई एक सप्ताह बाद भी हो सकती है। 
विज्ञापन


प्रॉपर्टी टैक्स के लिए पांच बार नोटिस थमाने के बावजूद कांग्रेस भवन समेत कई बड़े विभागों के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। लिफ्ट स्थित राजीव भवन का करीब 20 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स अभी तक जमा नहीं किया गया है।

 
सात साल में चार नोटिस भेजने के बाद भी जब टैक्स जमा नहीं हुआ तो पांचवीं बार निगम को खुद अपना इंस्पेक्टर भेजकर आखिरी नोटिस थमाना पड़ा है। इसमें 15 दिन का समय दिया गया, जिसमें से एक हफ्ता बीत चुका है। ऐसे में अब टैक्स भरने के आखिरी सात दिन ही बचे हैं।
विज्ञापन


 यदि फिर भी टैक्स जमा नहीं होता तो फिर नगर निगम कांग्रेस भवन की संपत्ति को अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर देगा। निगम सेक्शन 124 के तहत अटैचमेंट की कार्रवाई कर सकता है। 

निगम प्रशासन के अनुसार कांग्रेस भवन के अलावा विधायक बलवीर वर्मा से भी करीब 50 लाख रुपये टैक्स वसूलना है। इन्होंने भी करीब छह लाख का टैक्स जमा करवाना है। विधायक समेत शहर के करीब 300 भवन मालिकों को टैक्स भुगतान के लिए आखिरी नोटिस भेजा गया है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार कांग्रेस भवन के अलावा सीपीडब्ल्यूडी से करीब 1.50 करोड़ रुपये, एचआरटीसी से 2.50 करोड़ रुपये और आईजीएमसी से 70 लाख रुपये टैक्स वसूला जाना बाकी है। निगम की रिपोर्ट के अनुसार 34 वार्डों में अब तक 22 हजार लोगों से करीब 14 करोड़ रुपये टैक्स वसूला जा चुका है।
विज्ञापन

टैक्स वसूली मामले में निगम प्रशासन भी कटघरे में

टैक्स वसूली के मामले में निगम प्रशासन भी सवालों के घेरे में है। नियमों के अनुसार टैक्स वसूली के लिए निगम अधिकतम तीन नोटिस जारी करता है। यदि इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं होता है तो निगम सेक्शन 124 के तहत प्रॉपर्टी अटैच कर टैक्स वसूल सकता है, लेकिन बड़े विभागों और नेताओं के खिलाफ निगम अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है। यही वजह है कि कई विभागों ने सात साल से टैक्स जमा नहीं करवाया है।

वहीं मामले पर नगर निगम आयुक्‍त जीसी नेगी का कहना है क‌ि शहर के अधिकतर भवनों का टैक्स जमा हो चुका है। जिन भवन मालिकों ने अभी तक टैक्स जमा नहीं करवाया है, उन्हें फिर से नोटिस भेजे गए हैं।

नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट के अनुसार कांग्रेस भवन समेत कई विभागों ने अभी टैक्स नहीं भरा है। इन्हें निगम प्रशासन की ओर से नोटिस भेजा गया है। टैक्स जमा न होने की स्थिति में प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

उधर कांग्रेस प्रवक्‍ता नरेश चौहान का कहना है क‌ि कांग्रेस भवन का कुछ प्रॉपर्टी टैक्स हमने पहले ही नगर निगम में जमा करवा दिया है। कुछ राशि हमें अभी जमा करनी है जिसका भुगतान जल्द ही किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें