गुडि़या मामले से जुड़े लॉकअप हत्याकांड में गिरफ्तार आईजी जहूर एच जैदी समेत आठों पुलिस वालों को सीबीआई सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। छह दिन तक नई दिल्ली में हुई पूछताछ के बाद सीबीआई इनका दोबारा रिमांड मांग सकती है। इन आठों पुलिस वालों को सीजेएम कोर्ट शिमला में पेश किया जाना है।
गुडि़या मामले के एक आरोपी सूरज की लॉकअप में हत्या मामले में सीबीआई ने आईजी एच. जहूर जैदी और ठियोग के डीएसपी मनोज जोशी समेत आठ पुलिस कर्मियों को 29 जुलाई को गिरफ्तार किया था। लॉकअप में हत्या और फिर इस मामले में लीपापोती करते हुए आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में पुलिस अफसरों और कर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
सीबीआई ने आईजी और डीएसपी के अलावा कोटखाई पुलिस थाने के पूर्व एसएचओ राजेंद्र सिंह, पूर्व एएसआई दीप चंद, एचएचसी रहे सूरत सिंह, मोहन लाल, हेड कांस्टेबल रफीक अली और कांस्टेबल रंजीत स्ट्रेटा को गिरफ्तार किया है। इन्हें गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई 30 जुलाई को नई दिल्ली ले गई। वहां इनसे कड़ी पूछताछ की गई।