वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने शनिवार को वन विभाग के हिमाचल के फील्ड अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक की। मंत्री ने अफसरों के साथ इस साल के पौधरोपण के लक्ष्य पर चर्चा कर तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने सभी अफसरों को निर्देश दिए कि वह पौधरोपण वाले स्थानों का जल्द चयन कर लें, ताकि उन स्थानों पर पौधरोपण शुरू किया जा सके।
बताया कि इस साल बजट भाषण में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 12 हजार हेक्टेयर वन भूमि पर एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। कोविड की वजह से लॉकडाउन में कुछ खास काम नहीं हुआ। ऐसे में सभी अधिकारियों से जगह चिह्नित कर उसकी बाड़बंदी, गड्ढे खोदने का काम करने को कहा गया है। वन मंत्री ने बताया कि चूंकि सस्टेनेबल गोल के तहत हिमाचल ने 2030 तक प्रदेश के 66 फीसदी वन क्षेत्र के 27.7 फीसदी फॉरेस्ट कवर को बढ़ाकर 30 फीसदी करने का लक्ष्य रखा है।
इसीलिए सरकार ने पिछले साल तक के 9 हजार हेक्टेयर भूमि की बजाय इस साल 12 हेक्टेयर भूमि पर सत्तर लाख की बजाय एक करोड़ से ज्यादा पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव वन संजय गुप्ता के अलावा पीसीसीएफ डॉ. अजय कुमार व पीसीसीएफ वन्यजीव डॉ. सविता भी मौजूद थीं।