उन्होंने कहा कि हिमाचल में स्वाइन फ्लू फैला है। इसको लेकर सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए? जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों के लिए दवाइयां उपलब्ध करवाई गई हैं। लोग ठीक होकर घर जा रहे हैं।
हिमाचल में स्वाइन फ्लू महामारी नहीं, बल्कि प्रकोप है। गर्मियां शुरू होते ही यह बीमारी खत्म हो जाती है। हिमाचल ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों में भी इस बीमारी का प्रकोप है।
जिन व्यक्तियों की उम्र 65 साल से ज्यादा है या फिर व्यक्ति अन्य बीमारी से ग्रस्त हैं, उन्हें यह बीमारी जल्द अपनी गिरफ्त में ले रही है। बुजुर्गों में इस बीमारी से लड़ने की क्षमता कम होती है। ऐसे में बुजुर्ग ज्यादा इसकी चपेट में आ रहे हैं।
विधायकों ने मुख्यमंत्री से अपील की कि विधानसभा औषधालय में भी स्वाइन फ्लू जांच की व्यवस्था होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल इस बीमारी की चपेट में आए हैं। विधायक लखनपाल भी स्वाइन फ्लू की चपेट में हैं। सीएम ने विधायकों को आश्वस्त किया कि उनकी यह मांग पूरी की जाएगी।
वीरभद्र मजबूत, नेगी आप कमजोर
विधानसभा में स्वाइन फ्लू को लेकर जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस बीमारी से डर लग रहा है। विधानसभा अध्यक्ष के साथ काफी सारे लोग मिले हैं। ऐसे में मंत्री विपिन सिंह ने चुटकी ली, नेगी जी आप कमजोर हैं... वीरभद्र सिंह जी को भी देखो, यह कितने मजबूत हैं। इतना कहने पर सदन में खूब ठहाके लगे।