केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने शनिवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की रिपोर्ट जारी कर दी। सौ से कम शहरी स्थानीय निकाय वाले राज्यों में हिमाचल प्रदेश ने पिछले साल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक सीढ़ी चढ़कर देश में पांचवां स्थान हासिल किया है। 2020 के सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश छठे, जबकि 2019 में 20वें स्थान पर था। हालांकि नगर निगम शिमला का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।
एक से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में नगर निगम शिमला पिछले साल के 65वें स्थान से इस बार 102वें पायदान पर जा पहुंचा। दूसरी ओर 25 हजार से कम आबादी वाले शहरों में स्मार्ट सिटी धर्मशाला ने बहुत ज्यादा सुधार करते हुए पिछले साल के 629 के मुकाबले इस बार 134वां स्थान हासिल कर प्रदेश भर में टॉप रैंक हासिल किया। वहीं, 25 से 50 हजार की आबादी वाले शहरी स्थानीय निकायों में मंडी नगर निगम की जोनल रैंकिंग 155 रही और हिमाचल में वह भी पहले स्थान पर रहा है। 2020 के सर्वेक्षण में मंडी नगर निगम 172वें स्थान पर था।
सोलन शहर ने पिछले साल के 159 के मुकाबले इस बार एक पायदान पिछड़ते हुए 160वां स्थान पाया। प्रदेश के सबसे फिसड्डी शहरों में बंजार, संतोषगढ़ और ठियोग रहा। बंजार पिछले साल के 667वें स्थान से फिसलकर इस बार 698वें स्थान पर जा पहुंचा। संतोषगढ़ का पिछले साल 687 के मुकाबले इस बार 688वां स्थान रहा। मनाली ने पिछले साल के 477 रैंक को सुधारते हुए इस बार 410वां रैंक पाया। कुल्लू ने पिछले साल के 639वें रैंक के मुकाबले इस बार 556वां रैंक हासिल किया, जबकि भुंतर ने भी 91वें अंक का सुधार करते हुए पिछले साल के 610 के मुकाबले इस बार 519वां स्थान पाया।
छोटे शहरों का अच्छा रहा प्रदर्शन
25000 से कम आबादी वाले शहरी निकायों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले साल जहां 2020 के सर्वेक्षण में राज्य में पहले स्थान पर रहने वाले नयना देवी शहर की जोनल रैंकिंग 397 थी। हालांकि इस बार धर्मशाला समेत आठ ऐसे शहर हैं, जिनकी रैंकिंग 400 से कम रही है। धर्मशाला 134वें स्थान पर रहा, पालमपुर 214, कांगड़ा 266, नारकंडा 276 बैजनाथ पपरोला 318, रिवालसर 334, सरकाघाट 344 और परवाणू 366वें पायदान पर रहा। पिछले साल पहले स्थान पर रहने वाले नयना देवी शहर की रैंकिंग इस बार 661 पहुंच गई।
कुछ शहरों का प्रदर्शन अच्छा, कमियां दूर करेंगे : भारद्वाज
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में अच्छे प्रदर्शन को लेकर राज्य के लोगों को बधाई दी। मंत्री ने कहा कि पिछले साल की तुलना में कई शहरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जिन शहरों के प्रदर्शन में कमी दिखी है, उसे दूर करेंगे।