नशा बेचकर अर्जित की गई संपत्ति का पता लगाएगी पुलिस अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिला शिमला के रोहड़ू और जुब्बल समेत अन्य क्षेत्रों में चिट्टा तस्करी का सालों से नेटवर्क चला रहे शाही महात्मा की कंपनी के खाते की जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात सामने आई है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी सेब कारोबार की आड़ में नशे की तस्करी कर रहा था। इसके लिए उसने बाकायदा एक कंपनी बनाई थी। इसी की आड़ में वह नशा तस्करी का धंधा चला रहा था। पुलिस के मुताबिक कंपनी के खातों की जांच में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन पाया गया है। पुलिस का दावा है कि यह करोड़ों की रकम चिट्टे की खरीद-फरोख्त की है।
विज्ञापन
अब पुलिस उन खातों की भी जांच भी कर रही है जिनसे इस खाते में पैसे का लेनदेन हुआ है। पुलिस ने इसी आधार पर रोहडू़ और जुब्बल क्षेत्र के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कोटखाई के पास एक कार की तलाशी के दौरान मुद्दसीर अहमद मोची निवासी कुपवाड़ा को 468 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि मुद्दसीर अहमद, शाही महात्मा के इशारे पर ही चिट्टे की खेप लेकर रोहड़ू जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने शाही महात्मा को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि शाही महात्मा लंबे समय से क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था और इसको लेकर कई बार जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों में जा चुका है। आशंका है कि आरोपी सीमापार से होने वाली तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस मामले में हरियाणा के चार चिट्टा तस्करों की तलाश कर रही है। इसको लेकर पुलिस की टीम हरियाणा में उनके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साहिल चौहान को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चिट्टा तस्करी के इस नेटवर्क के मामले में पुलिस ने कुछ दिन पहले साहिल चौहान निवासी गांव धारा डाकखाना लोअर कोटी तहसील रोहूड़ू शिमला को गिरफ्तार किया है जबकि त्रुटिवश 5 अक्तूबर के अंक में सुनील चौहान निवासी गांव धारा डाकखाना लोअर कोटी तहसील रोहडू़ शिमला का नाम प्रकाशित हो गया था। सुनील चौहान निवासी गांव धारा डाकखाना लोअर कोटी तहसील रोहड़ू शिमला का इस मामले से कोई संबंध नहीं है। इसके अलावा पुलिस ने मामले में विकास रांटा गांव बिजौरी डाकखाना सीमा तहसील रोहडू़, सुरजीत गांव रोहटान डाकखाना मंडल तहसील जुब्बल और अरविंद चौहान गांव धनोटी तहसील रोहड़ू जिला शिमला को गिरफ्तार किया है।