लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के बागियों की घर वापसी हो रही है लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी दो नेताओं पर संशय अभी बरकरार है। वीरभद्र के करीबी नेता अतुल शर्मा की वापसी तो मंगलवार को हो गई लेकिन हरीश जनारथा और हरदीप बावा के मामले अभी लंबित हैं।
सूत्र बताते हैं कि गुण-दोष के आधार पर ही बागियों की घर वापसी की जा रही है। हाईकमान इन दोनों नेताओं पर कड़ी शर्तें लगाकर वापसी कराने पर विचार कर रहा है।
ये ऐसी शर्तें होंगी जिससे भविष्य में ये बागी होकर दोबारा संकट खड़ा न करें। हाईकमान यह भी देख रहा है कि किसी बागी पर आपराधिक मामले तो दर्ज नहीं हैं। अगर आपराधिक मामले दर्ज हैं तो वापसी में बाधा पैदा हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि हरीश जनारथा और हरदीप बावा का बागी होकर कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ना भारी पड़ रहा है। इनके खिलाफ पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी।