उपचाराधीन बच्चों का कुशलक्षेम जानने पहुंचे शिक्षा उपनिदेशक ऊना देवेंद्र।
- फोटो : संवाद
प्रदेश की सीमा से सटे नया नंगल में जहरीली गैस के रिसाव के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। वीरवार सुबह मामले की सूचना मिलने पर जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम पंजाब सीमा से सटे ऊना क्षेत्र में पहुंची। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुबह से मौके पर डटे रहे। इस दौरान सनोली, बीनेवाल, पूहना और अजौली गांवों में लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों का उपचार किया।
पंजाब के नया नंगल में जहरीली गैस के रिसाव से नंगल के एक निजी स्कूल के कुछ विद्यार्थी बेहोश हो गए। मामले की सूचना मिलते ही जिला स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नया नंगल के साथ लगती हिमाचल की सीमा पर गैस रिसाव के प्रभाव से बचने के लिए एहतियातन कदम उठाए।
बताया जा रहा है कि वीरवार सुबह सनोली, बीनेवाल, पूहना और अजौली में लोगों को सांस देने में समस्या आने लगी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्थानीय लोगों को उपचार मुहैया करवाया और उन्हें सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी बसदेहड़ा डॉ. राम पाल शर्मा, क्षेत्रीय अस्पताल और संतोषगढ़ अस्पताल के चिकित्सक मौके पर प्राथमिक उपचार देने के लिए मौके पर मौजूद रहे। संवाद
नया नंगल में हुए जहरीली गैस रिसाव की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र के समीप पड़ने वाले जिला ऊना के क्षेत्र में पहुंची। टीम ने एहतियातन लोगों के स्वास्थ्य को जांचा। लोगों को कोई भी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर स्वास्थ्य विभाग से तुरंत संपर्क करें। - डॉ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना