फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कितनी बेटियां हरियाणा में ब्याहीं, नए सिरे से होगा सर्वे

Fri, 02 Dec 2016 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नाहन (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन
शिलाई इलाके में शादी के नाम पर महिलाओं की कथित तस्करी का मामला उठने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। अब शिलाई क्षेत्र में नए सिरे से सर्वे होगा। कितनी महिलाओं की बाहरी राज्य में शादियां हुईं और कितनी बेटियां स्कूल छोड़ने पर मजबूर हुईं, इसके ताजा आंकड़े जुटाने के डीसी सिरमौर बीसी बडालिया ने शिक्षा और महिला एवं बाल कल्याण विभाग को आदेश दिए हैं। पुलिस विभाग को भी डीसी ने निर्देश दिए कि तस्करी से जुड़ा कोई मामला सामने आता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन


हालांकि, जिला प्रशासन का दावा है कि शिलाई क्षेत्र में महिलाओं की तस्करी का प्रशासन अथवा पुलिस के ध्यान में कोई मामला नहीं आया है। जारी बयान में कहा गया है कि यदि ऐसा कोई मामला प्रशासन के ध्यान में आता है तो उस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने जिला परियोजना अधिकारी (आईसीडीएस) इरा तनवर, जिला कल्याण अधिकारी सुरेश शर्मा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा पूनम सूद को निर्देश दिए कि कितनी लड़कियां ड्रॉपआउट हुईं, इसकी ताजा रिपोर्ट पेश करें। आम जनता से भी आह्वान किया कि कोई भी व्यक्ति महिलाओं की तस्करी में संलिप्त है तो इसकी सूचना 100 नंबर पर दें।
विज्ञापन


किसी भी प्रशासनिक अधिकारी अथवा सीधे तौर पर एसडीएम या उपायुक्त कार्यालय में भी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, स्कूल प्रबंधन कमेटी तथा स्वयं सेवी

संस्थाओं से मानव तस्करी रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने जिला परियोजना अधिकारी (आईसीडीएस) तथा उप निदेशक उच्च शिक्षा को निर्देश दिए कि शिलाई क्षेत्र में बेसहारा महिलाओं तथा किशोरियों की पहचान करें। 18 वर्ष की कम उम्र की बच्चियों के पाठशाला छोड़ने के कारणों का पता लगाने के भी आदेश दिए हैं। 

अधिकारों के लिए आवाज उठाएं महिलाएं: जैनब
शिलाई उपमंडल के अंतर्गत बाहरी राज्यों में शादी के नाम पर महिलाओं की तस्करी के मामलों की स्टेटस रिपोर्ट जानने पहुंची महिला आयोग की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने महिला सशक्तिकरण के लिए आवाज बुलंद की है। उन्होंने स्कूलों से लड़कियों के ड्राप आउट होने पर गहरी चिंता जताते हुए इसके लिए अभियान का भी आगाज किया।

पंजोल गांव में एसडीएम के साथ पहुंचकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कहा कि महिलाएं भी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। इससे पहले उन्होंने शिलाई कॉलेज का दौरा किया और छात्र-छात्राओं से चर्चा की। दस साल में 500 लड़कियों के दाखिले को भी उन्होंने बेहद कम करार दिया।

उन्होंने कहा कि शिलाई इलाके में छात्रों की पढ़ाई में घटती संख्या चिंताजनक है। बेटी और बेटे में किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। यहां के लड़के विभिन्न पदों पर आसीन है। लड़कियां क्यों पीछे हैं। उन्होंने कहा कि विवाह पंजीकरण जरूरी है। जिसे करवाना चाहिए।

उधर, इससे पहले उन्होंने एसडीएम शिलाई विकास शुक्ला के साथ लंबी बैठक की और बाहरी राज्यों में हुई महिलाओं की शादियों की स्टेटस रिपोर्ट ली। मीडिया से बातचीत में जैनब ने कहा कि इलाके में महिलाओं की तस्करी हो रही है या नहीं इसकी सच्चाई का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। यदि ऐसा है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें