तेज बारिश के कारण उफान पर आए नाले में एक सूमो गाड़ी बह गई। गाड़ी में सवार सभी छह लोग भी पानी में बह गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पांच को तो बचा लिया मगर एक अब भी लापता है। घटना हिमाचल के कांगड़ा की है।
यहां घरोह के पास गज पॉवर हाउस में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे विद्युत बोर्ड के तीन कर्मचारियों समेत छह लोग घरोह-घेरा रोड पर कैंट नाला में पानी के तेज बहाव में बह गए। सभी लोग सूमो गाड़ी में सवार थे।
सोमवार देर शाम हुए इस हादसे में बिशन दास निवासी कूट (नजदीक घेरा) पानी के तेज बहाव में बह गया। जबकि, गाड़ी में सवार विद्युत बोर्ड गज पॉवर हाउस के एसडीओ सुरेश कुमार, इलेक्ट्रिशियन पंकज, सर्वजीत, भितलू निवासी वीरेंद्र कुमार और ड्राइवर आयुष पांच लोगों को स्थानीय निवासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया। इसके बाद इन पांचों लोगों को टांडा अस्पताल ले जाया गया।
मंगलवार को सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बताया जा रहा है कि सूमो गाड़ी विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को रोजाना ड्यूटी स्थल पर ले जाती थी। सोमवार शाम को इस गाड़ी में भितलू निवासी वीरेंद्र कुमार और कूट गांव के बिशन दास ने लिफ्ट ली थी। रात को हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के करीब आधा दर्जन से ज्यादा जवान मौके पर पहुंच गए।
रात भर सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन कूट गांव के बिशन दास का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। सुबह होते ही लापता बिशन दास को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। देर शाम एनडीआरएफ की टीम को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। एसडीएम धर्मशाला श्रवण मांटा और एचएचओ ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसपी अभिषेक दुल्लर और एसडीएम श्रवण मांटा ने बताया कि लापता शख्स की तलाश जारी है।