सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत अप्पर बैहली का सुभाष चंद मलेशिया में लापता हो गया है। परिजन चिंतित हैं और थक-हारकर जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। सुभाष चंद के पिता खूब राम के अनुसार उनका बेटा वर्ष 2010 में रोजगार के सिलसिले में मलेशिया गया था। वहां पर वह सही ढंग से काम कर रहा था और सप्ताह में दो या तीन बार उनसे फोन पर बात भी होती थी।
सुभाष अपने घरवालों को आर्थिक सहायता भी भेजता था। लेकिन बीते कुछ दिनों से सुभाष का जब परिजनों को कोई फोन नहीं आया और उन्होंने बेटे को फोन किया। लेकिन, फोन किसी और ने उठाया। जब परिजनों ने फोन उठाने वाले व्यक्ति से अपने बेटे से बात करवाने को कहा तो उसने टालमटोल शुरू कर दी।
बाद में जब परिजनों ने लगातार फोन करना शुरू किया तो फिर उस व्यक्ति ने परिजनों से बात करवाने की एवज में पैसे भेजने को कहा। परिवार के सदस्यों ने एक बार 25 हजार, दूसरी बार 10 हजार और तीसरी बार 50 हजार रुपये की राशि अलग-अलग खातों में जमा करवा दी।
लेकिन उस व्यक्ति ने उनकी बात बेटे से नहीं करवाई। खूब राम ने बताया कि फोन उठाने वाला व्यक्ति कभी उनके बेटे के किसी दूसरे स्थान पर होने की बात कह रहा था तो कभी उसके जेल में होने की बात कही जा रही है। बेटे के साथ संपर्क न होने के चलते पूरा परिवार इस वक्त चिंता में है।
परिजनों ने वीरवार को उपायुक्त संदीप कदम से मुलाकात की। उपायुक्त ने परिजनों को उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया है। परिजनों ने मांग की कि उनके बेटे को किसी तरह सुरक्षित भारत लाया जाए। उनके पास मलेशिया का कोई पता भी मौजूद नहीं है।