जिला स्तरीय रेड रन मैराथन में कॉलेज के 80 युवाओं ने लिया हिस्सा
एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
शिमला। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को एचआईवी/एड्स के प्रति युवाओं को जागरूक करने को लेकर मैराथन का आयोजन करवाया गया। इस मैराथन में शहर के कोटशेरा कॉलेज और आरकेएमवी के 80 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
सुबह सात बजे चौड़ा मैदान से शुरू हुई मैराथन को मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लड़कों की श्रेणी में कोटशेरा कॉलेज के जतिन ने पहला, देव ने दूसरा और राम कृष्ण ने तीसरा स्थाना पाया। लड़कियों के वर्ग में अनामिका ने पहला, बिपाशा ने दूसरा और कुसुम ने तीसरा स्थान पाया। सीएमओ डॉ. यशपाल रांटा ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। कहा कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता बढ़ाना और बीमारी से बचाव व रोकथाम के संबंध में सही जानकारी का प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सही जानकारी ही एचआईवी/एड्स की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तहसीन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।