ईयर सिस्टम में यूजी कोर्स कर रहे शास्त्री और विशिष्ट शास्त्री कोर्स के छात्रों के लिए पर्यावरण विज्ञान को पढ़ना अनिवार्य कर दिया गया है। विवि की ओर से यह अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि प्रदेश भर के विवि से संबद्ध संस्कृत कॉलेजों के प्राचार्य यह सुनिश्चित करें कि पहले और द्वितीय वर्ष में छात्रों को पर्यावरण विज्ञान को अनिवार्य रूप से पढ़ाना सुनिश्चित करें। विवि की वेबसाइट पर www.hpuniv.ac.in पर कोर्स का सिलेबस उपलब्ध करवाया गया है।
विश्वविद्यालय कुलसचिव की ओर जारी इस अधिसूचना से संस्कृत कॉलेजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रथम या दूसरे वर्ष में यह विषय पढ़ना अनिवार्य होगा, लेकिन कॉलेजों में दूसरे साल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है और परीक्षा अप्रैल में है। ऐसे में सवाल है कि ये छात्र अब इस विषय को कैसे पढ़ेंगे। इसको लेकर विवि ने अब तक स्थिति साफ नहीं की है। जबकि, यूजी के अन्य कोर्स जैसे बीए, बीएससी, बीकॉम में पर्यावरण विज्ञान विषय को पढ़ाए जाने को लेकर शुरूआत में ही स्थिति साफ कर दी गई थी। इन संकायों में इस विषय को पढ़ाया जा रहा है।