मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट, आपदा से निपटने की तैयारियां कीं शुरू
शिमला। मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदाओं से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 200 आपदा मित्र और करीब 500 युवा आपदा मित्र तैनात हैं, जबकि पंचायत स्तर पर भी आपदा प्रबंधन को मजबूत किया जा रहा है। भूस्खलन, बाढ़ और फ्लैश फ्लड संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन ने सभी विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी, मौसम चेतावनियों के त्वरित प्रसार तथा बिजली, पानी, संचार और परिवहन सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (1077) को सक्रिय रखा गया है और पूर्व चेतावनी तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है।
बैठक में बताया कि वर्ष 2023 की समरहिल शिव बावड़ी त्रासदी और 2024 के समेज फ्लैश फ्लड से मिले अनुभवों के आधार पर इस बार तैयारियों को और सुदृढ़ किया गया है। प्रशासन ने आम जनता से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है। ब्यूरो