लोअर बाजार में सड़कों पर तहबाजारी बेच रहे सामान संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के लोअर बाजार में शेर ए पंजाब चौक से लेकर सब्जी मंडी चौक तक तहबाजारी अब दुकानों के बाहर ही अपना सामान सजा रहे हैं। इससे परेशान दुकानदारों ने अब नगर निगम से राहत की मांग की है।
दुकानदारों का कहना है कि दुकानों के बाहर सजे सामान से आवाजाही में परेशानी हो रही है। लोग दुकानों में प्रवेश तक नहीं कर पा रहे हैं। दुकानदारों ने निगम से तहबाजारियों को दुकानों के बाहर से हटाने की मांग की है। दुकानदारों ने बताया कि रोजाना तहबाजारी उनकी दुकानों के बाहर सामान सजा कर शोर मचाने लगते हैं। इससे दुकान के अंदर बैठने में भी परेशानी हो रही है। तहबाजारियों के कारण उन्हें सामान बेचने में भी परेशानी हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि कई कारोबारी भी अपनी दुकानों के आगे तहबाजारियों को बैठा रहे हैं। इन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
यह पहली बार है जब दुकानदारों ने तहबाजारियों के खिलाफ मोर्चा खोला है। वहीं तहबाजारियों का कहना है कि नगर निगम उन्हें सामान बेचने के लिए जगह मुहैया नहीं करवा रहा है। वह लोअर बाजार में काफी सालों से इसी जगह पर दुकान सजाते आ रहे हैं। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई की जा रही है। लोअर बाजार से सभी तहबाजारी हटाए जाएंगे। इनके लिए आजीविका भवन टैरेस पर स्टॉल तैयार किए जा रहे हैं।