राज्य स्तरीय दो दिवसीय एचपीयू टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता डिग्री कॉलेज सोलन में पहली बार 20 दिसंबर से आयोजित की जा रही है। यह जानकारी डिग्री कॉलेज के शारीरिक शिक्षा के प्रो. लाल चंद ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 20 टीमों के 100 छात्र और छात्रा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कहा कि जिला सोलन को पहली बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला है। इसके लिए उन्होंने सभी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।
प्रतियोगिता के लिए टीटी के दो टेबल लगाए गए हैं। वहीं निर्णायकों का चयन स्वयं एचपीयू प्रशासन करेगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज प्रिंसिपल करेंगे। प्रतियोगिता के समापन मौके पर एसपी सोलन मोहित चावला बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
राज्यभर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए कॉलेज की ओर से खाने और ठहरने का इंतजाम किया गया है। छात्राओं को कॉलेज के होस्टल में ठहराने की व्यवस्था की गई है, जबकि छात्रों को सोलन की पुरानी सब्जी मंडी के समीप ठहराया जाएगा।