हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स मीट में लड़कों के वर्ग में हमीरपुर और लड़कियों के वर्ग में कांगड़ा ओवर आल विजेता रहे। लड़कों के वर्ग में कांगड़ा और लड़कियों के वर्ग में हमीरपुर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ एथलीट ऊना के अनिरुद्ध ठाकुर और हमीरपुर की अंबिका रहे। चार दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को जेवलिन थ्रो स्पर्धा के लड़कियों के फाइनल में कांगड़ा की प्रिया कुमारी प्रथम, मंडी की दीया ठाकुर दूसरे और बिलासपुर की कृतिका ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। डिस्कस थ्रो स्पर्धा के लड़कियों के फाइनल में सोलन की गुंजन ठाकुर ने पहला, बिलासपुर की संजना ने दूसरा और चंबा की काजल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
3,000 मीटर दौड़ में चंबा की तनिष्का ने पहला, ऊना की कविता ने दूसरा और सोलन की तन्वी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लांग जंप में हमीरपुर की वशिंका ने पहला, मंडी की कल्पना ने दूसरा और बिलासपुर की काजल ने तीसरा स्थान हासिल किया। चार गुणा 400 मीटर दौड़ में के लड़कों के वर्ग में हमीरपुर की टीम विजेता और कांगड़ा की टीम उपविजेता रही। मिक्स रिले दौड़ में हमीरपुर टीम विजेता और कांगड़ा की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रमोद उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर छात्र पाठशाला बिलासपुर के प्रधानाचार्य अरुण गौतम, डीपीई पवन कुमार, अनिल कुमार, प्रवेश राणा, सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।