प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने आधा दर्जन से अधिक पोस्ट कोड के तहत पदों को भरने के लिए लिखित एवं छंटनी परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है।
आयोग 26 से 29 नवंबर तक विभिन्न विभागों में खाली पद भरने की लिए छंटनी परीक्षाओं का आयोजन सुबह और संध्याकालीन सत्र में करने जा रहा है। जेई इलेक्ट्रिकल की परीक्षा के लिए आयोग ने हमीरपुर, धर्मशाला, मंडी और शिमला चार जिलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं।
जबकि शेष छह पोस्ट कोड के लिए लिखित परीक्षा हमीरपुर में ही होगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चलते कुछ समय के लिए भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया बंद हो गई थी। इसे आयोग अब दोबारा शुरू करने जा रहा है।
डॉ. जितेंद्र कंवर, सचिव, हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग
अभ्यर्थियों को रोलनंबर और एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड करने होंगे। रोल नंबर व परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
उधर, हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के सचिव डा. जितेंद्र कंवर ने बताया कि यदि किन्हीं कारणों से कोई अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सके तो वह सूचित किए गए रोल नंबर व परीक्षा केंद्र में
अपना नवीनतम फोटो व आधार कार्ड के साथ आवेदन फार्म की डाउनलोडेड कॉपी के साथ अपना दावा प्रस्तुत करें। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-221841, 222204 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
इन सात पोस्ट कोड की होंगी लिखित परीक्षाएं
26 नवंबर को सुबह के सत्र में 10 बजे से 12 बजे तक पोस्ट कोड नंबर 530 जेई इलेक्ट्रिकल की परीक्षा हमीरपुर, शिमला, मंडी और धर्मशाला में होगी। जबकि सायंकालीन सत्र में 2 बजे से 4 बजे तक यूथ ऑर्गेनाइजर पोस्ट कोड नंबर 526 की परीक्षा हमीरपुर में होगी।
28 नवंबर को जेई सिविल पोस्ट कोड 539 की परीक्षा सुबह के सत्र में, जबकि संध्याकालीन सत्र में कंप्यूटर ऑपरेटर पोस्ट कोड नंबर 543 की परीक्षा होगी। 29 नवंबर को सुबह के सत्र में सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर पोस्ट कोड 546 और असिस्टेंट प्रोग्रामर पोस्ट कोड नंबर 542, जबकि सायंकालीन सत्र में पोस्ट कोड 547 जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर की परीक्षा हमीरपुर केंद्र में होगी।