मंत्री राकेश पठानिया ने विजेता टीम को सम्मानित किया।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के वन और खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि कोरोना के चलते दो साल बाद खेलकूद गतिविधियां आरंभ हुई हैं। प्रदेश में खेल महाकुंभ भी शुरू किया गया है। इससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। पठानिया सिंथेटिक ट्रैक धर्मशाला में जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों की अंतर जिला खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अब हम खेलों में भी आगे की ओर बढ़ रहे हैं। धर्मशाला में लगातार प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। नूरपुर में अगले माह इंडोर स्टेडियम तैयार हो जाएगा। वहीं सिंथेटिक ट्रैक का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पठानिया ने कहा कि जिला स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए उनकी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से बात की गई है। इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया और नगर निगम के मेयर ओंकार नैहरिया मौजूद रहे।
सौ मीटर दौड़ में मंडी के अभिषेक सबसे तेज
सिंथेटिक ट्रैक धर्मशाला में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षुओं की अंतर जिला खेलकूद प्रतियोगिता के पहले दिन कई मुकाबले खेले गए। इस दौरान लड़कों की 100 मीटर दौड़ में मंडी डाइट के अभिषेक प्रथम, मंडी के निखिल दूसरे और सोलन के रजत और बिलासपुर के रतन जीत ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा 800 मीटर दौड़ में धर्मशाला डाइट के पंकज शर्मा विजेता बने, जबकि बिलासपुर के नितिन दूसरे और सोलन के राकेश शर्मा को तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं लड़कियों की 800 मीटर दौड़ में सिरमौर डाइट की दिव्या प्रथम, चंबा की रीता द्वितीय और हमीरपुर की वंदना तृतीय स्थान पर रही। शॉटपुट में चंबा डाइट का गोविंद प्रथम व तुषार द्वितीय, जबकि मंडी डाइट का तारणप्रीत सिंह तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा लड़कियों के हाई जंप में चंबा की तनवी प्रथम, सोलन की दीपिका द्वितीय और कांगड़ा की शिल्पा, हमीरपुर की पारुल को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। जबकि लड़कों के टेबल टेनिस में शिमला डाइट के नीरज प्रथम और ऊना का आयूष द्वितीय स्थान पर रहे।