नया साल मनाने के लिए बाहरी राज्यों से शिमला आने वाले पर्यटकों की भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम प्रशासन ने कर दिए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल करने और लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर शिमला पुलिस ने तय प्लान को लागू भी कर दिया है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों से ट्रैफिक बाधित न हो इसके लिए शहर के कुछ बंधित और प्रतिबंधित सड़कों पर जगह देखकर निजी वाहन पार्क की विशेष छूट दी है।
यह व्यवस्था एक जनवरी सुबह तक लागू रहेगी। पूरे शहर को सुरक्षा के मद्देनजर दस सेक्टरों में बांटा है। कुफरी और फागु को अलग सेक्टर बनाकर इसकी जिम्मेदारी एसडीपीओ ठियोग को सौंपी है। शहर के दस सेक्टरों में ट्रैफिक ड्यूटी सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्था कि लिए 350 महिला और पुरुष जवानों को तैनात किया गया। इससे शहर के हर कोने में होने वाली हरकत पर निगाह रहेगी। पुलिस अधीक्षक और उपपुलिस अधीक्षकों के साथ ही समस्त छह थानों के थाना प्रभारियों समेत डेढ़ दर्जन अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
यहां वाहन पार्क कर सकते हैं लोग
पुलिस प्रशासन ने इस दिन पार्किंग के लिए कुछ स्थान पर विशेष छूट दे रखी है। लोग शिल्ली चौक से छोटा शिमला, ओक ओवर से राजभवन कनेडी चौक से लेकर बालुगंज तथा रामचंद्रा चौक से सेंट बीड्स सड़क पर जहां संभव हो वाहन पार्क कर सकते हैं।
ऊपरी शिमला के लिए व्यवस्था
शहर के ट्रैफिक को संचालित करने और जाम न लगे इसके लिए ऊपरी शिमला की ओर आने तथा जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी क्रासिंग से ही वाया टुटीकंडी, मैहली, मल्याण और ढली होते हुए भेजा जाएगा। यह व्यवस्था एक जनवरी तक लागू रहेगी।
किस सेक्टर में कौन सा एरिया शामिल
पुलिस प्रशासन ने नए साल पर सुरक्षा के भी खास इंतजाम कर रखे हैं। पूरे शहर को दस सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें सेक्टर एक में रिज माल रोड, लक्कड़ बाजार राम बाजार, सेक्टर दो में रेलवे स्टेशन से शिल्ली चौक, तीन में टुटू से रेलवे स्टेशन, 4 में शोघी से टुटीकंडी, 5 में हाईकोर्ट से टॉलैंड छोटा शिमला, सेक्टर 6 में ढली से कुफरी, 7 में सेंट बीड्स से मशोबरा, 8 में टुटीकंडी से विक्ट्री टनल, 9 में संजौली से ऑक्लैंड, 10 में विक्ट्री टनल से ऑक्लैंड तक का क्षेत्र शामिल किया है। न्यू ईयर के लिए कुफरी और फागू को एसडीपीओ ठियोग को जिम्मेदारी सौंपी है।
पीए सिस्टम की व्यवस्था
पर्यटकों की सुविधा और उन्हें सूचित करने को पुलिस ने टुटीकंडी क्रासिंग के साथ रिज और मॉल रोड रिपोर्टिंग रूम पर पब्लिक एनाउंसमेंट (पीए) सिस्टम स्थापित किया है। इससे लाउड स्पीकर लगाकर लोगों को सूचित किया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने क्यूआटी, बम निरोधक दस्ते सहित अन्य टुकड़ियों को अलर्ट रखा है। जरूरत पड़ने पर कानून व्यवस्था को बनाए रखने में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
हथियारों के लाने ले जाने पर रोक
शिमला पुलिस शोघी से लेकर ढली तक सड़क पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर हर वाहन की चेकिंग करेगी। इसमें किसी भी तरह के हथियार, डंडा रॉड के साथ ही तय लिमिट से अधिक शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के लाने ले जाने पर नजर रखेगी।
एसपी स्वयं देखेंगे कानून व्यवस्था
एसपी डीडब्लू नेगी स्वयं न्यू ईयर के लिए बुधवार से लेकर एक जनवरी सुबह तक के लिए की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन देव नेगी ने बुधवार दोपहर बाद रिपोर्टिंग रूम के बाहर जवानों तय व्यवस्था की जानकारी दी। साथ ही उन्हें ड्यूटी से अवगत करवाया। इन दो दिनों में एएसपी ग्रामीण संदीप धवल, एएसपी गौरव सिंह, डीएसपी सिटी राजेंद्र सिंह, डीएसपी ट्रैफिक अमित ठाकुर, डीएसपी दुष्यंत सरपाल, एसडीपीओ ठियोग रत्न सिंह नेगी सहित ठियोग तथा शहर के सभी थाना प्रभारी व्यवस्थाओं का संचालन करेंगे।