चंबा में स्कूल को सैनिटाइज किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में एक फरवरी से खुलने जा रहे स्कूल-कॉलेजों के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को एसओपी जारी कर दी है। शिक्षण संस्थानों में फेस मास्क पहनना और दो गज की दूरी को अनिवार्य किया गया है। हैंड सैनिटाइज की प्रक्रिया का भी पूर्ण रूप से पालन करना होगा। शिक्षण संस्थानों में एसओपी को नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा की ओर से सभी स्कूल-कॉलेज प्रिंसिपलों और जिला उपनिदेशकों को जारी पत्र में एसओपी का पालन करते हुए कक्षाओं को लगाने को कहा गया है।
एक फरवरी से ग्रीष्मकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में पांचवीं और आठवीं से बारहवीं की नियमित कक्षाएं लगेंगी। डिग्री कॉलेजों में आठ फरवरी से कक्षाएं लगेंगी। शीतकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में 15 फरवरी से शिक्षण कार्य शुरू होगा। प्रदेश में स्थित निजी स्कूल भी इस व्यवस्था को अपना सकते हैं। शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों से बीस फरवरी तक स्कूलों में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या और इस दौरान कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों का ब्योरा भेजने को भी कहा है।
हॉस्टल के लिए अब छह तक करें ऑनलाइन आवेदन
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएड में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों और पूर्व में छात्रावास सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित रहे छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन करने की तिथि को छह फरवरी तक बढ़ाया है। चीफ वार्डन ने इस संदर्भ में जारी सूचना में कहा कि छात्रावास में सीट लेने के लिए आवेदन करने वाले छात्र अपने लॉग इन आईडी के माध्यम से छह फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए पोर्टल खोल दिया गया है।
बीएएमएस परीक्षा को बारह फरवरी तक भरे जाएंगे फार्म
बीएएमएस की वार्षिक और अनुपूरक परीक्षा के लिए 12 फरवरी तक परीक्षा फार्म भरे जाएंगे। परीक्षा फार्म असिस्टेंट रजिस्ट्रार परीक्षा-3 (मेडिकल साइंसेज) के पास जमा होंगे। फरवरी माह में होने वाली परीक्षा के लिए तय तिथि के बाद जमा होने वाले फार्म पर लेट फीस वसूली जाएगी। विवि ने एमडीएस डिग्री कोर्स की अनुपूरक थ्योरी परीक्षाओं की डेटशीट जारी की है। परीक्षाएं 6 से 12 फरवरी तक होंगी।