संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए डीएवी संस्थाओं ने रन फॉर डीएवी मैराथन का रविवार सुबह रिज मैदान पर आयोजन किया गया। छात्र वर्ग में डीएवी न्यू शिमला के सोनिश पहले, डीएवी लक्कड़ बाजार के पियूष दूसरे और डीएवी न्यू शिमला के नितिन तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा छात्राओं की श्रेणी में डीएवी टुटू की जागृति पहले, डीएवी लक्कड़ बाजार की शरणाया दूसरे और गौरवी तीसरे स्थान पर रहीं।इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित करना और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को उजागर करना रहा। मैराथन का शुभारंभ डीएवी लक्कड़ बाजार की प्रधानाचार्या कामना बेरी और डीएवी न्यू शिमला के प्रधानाचार्य राकेश चंदेल ने सीटीओ से हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन में 400 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मैराथन के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पहले स्थान पर रहने वालों को 3100 रुपये, दूसरे स्थान वालों को 2100 रुपये और तीसरे स्थान वालों को 1100 रुपये की सम्मान राशि दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विजेताओं का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम की सराहना की।