हिमाचल की खेती को अब सोलर करंट बचाएगा। गोवा और तेलंगाना राज्यों में अपनाया जा चुका ये फार्मूला नाबार्ड ने हिमाचल सरकार को भी सुझाया है। खेतों के किनारे नंगी तारों का बाड़ लगाया जाएगा। इसमें सोलर बैटरी से मामूली सा करंट छोड़ा जाएगा। जंगली जानवर इससे खेतों-बगीचों के निकट भी नहीं फटकेंगे। सूरज की रोशनी से सोलर बैटरी चार्ज होगी।
एक बार ये फेंसिंग हो गई तो कई वर्षों तक बहुत कम लागत पर इसे इस्तेमाल किया जा सकेगा। नाबार्ड ने इस संबंध में हिमाचल सरकार के सामने एक थीम पेपर पेश किया है। इसके मुताबिक देश के कई राज्यों में इस विधि को अपनाया जाने लगा है। गोवा और तेलंगाना राज्यों में तो इस पर 80 से 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इस फेंसिंग को बागवान समूह में लगा सकते हैं।