शिमला। राजधानी के आईटीआई चौड़ा मैदान में चल रही 34वीं राज्य स्तरीय आईटीआई महिला खेल प्रतियोगिता में खो-खो में शिमला, वॉलीबाल में सोलन और बैडमिंटन में कांगड़ा चैंपियन बना। वहीं, कबड्डी में सोलन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में दबदबा कायम रखा। उन्होंने फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
कबड्डी में सोलन और शिमला में आज खिताबी जंग होगी। मीडिया कोऑर्डिनेटर प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार को प्रतियोगिता में ज्यादातर स्पर्धाओं के सेमीफाइनल के मुकाबले खेले गए। इसमें कबड्डी जूनियर वर्ग में सोलन ने किन्नौर को 25-21 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। कबड्डी सीनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में शिमला ने कुल्लू को 28-25 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में सोलन ने मंडी को 32-21 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। रविवार को कबड्डी का खिताबी मुकाबला शिमला और सोलन के बीच खेला जाएगा। वहीं, वॉलीबाल के सेमीफाइनल में सोलन ने सिरमौर को 26-24 और 25-19 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। फाइनल में सोलन ने शिमला को 25-13 और 25-19 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच में सोलन की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शिमला को वापसी का मौका नहीं दिया। इसी तरह खो-खो के फाइनल में शिमला ने सोलन को 7-5 से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद बैडमिंटन में फाइनल में कांगड़ा ने मंडी को हराकर खिताब पर कब्जा किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा, अंतिम दिन कबड्डी सीनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहेगा।