एचआरटीसी का कारनामा, सुबह अस्पताल तक आती थी बस, अब शाम को नए बस अड्डे से चलाई जा रही
विज्ञापन
क्रॉसर
मरीजों को अब आईएसबीटी पहुंचने में होती है दिक्कत
पहले दोपहर 4:20 बजे आईजीएमसी से चलती थी बस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पूर्व भाजपा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल द्वारा सोलन के लोगों की सुविधा के लिए आईजीएमसी के लिए चलाई गई सीधी बस सेवा का वापसी का रूट बदल दिया है।
सुबह तो बस सोलन से आईजीएमसी तक आती है लेकिन दोपहर को 4:20 बजे बस आईजीएमसी के बजाय अब नए बस अड्डे से सोलन के लिए चल रही है। इस कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आईजीएमसी के कैंसर अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों और उनके परिजनों के लिए यह बस सेवा किसी वरदान से कम नहीं थी। मरीज और परिजन चिकित्सक को दिखाने और रूटीन फॉलोअप, चेकअप के लिए इस बस से ही आते जाते हैं। अब दोपहर 4:20 बजे आईजीएमसी से बस न चलाए जाने के कारण मरीजों को आईएसबीटी तक या तो टैक्सी कर जाना पड़ता है, या फिर दो बसों को बदल कर पहले ओल्ड बस अड्डे, फिर वहां से आईएसबीटी तक जाना पड़ रहा है। इनके पास दूसरा विकल्प आईएबीटी क्राॅसिंग तक बसें बदल कर जाने का ही शेष रह गया है।
विज्ञापन
मरीजों की सुविधा के लिए शुरू की गई इस बस का वापसी का रूट परिवहन निगम ने अपनी मर्जी से ही आईजीएमसी की जगह न्यू बस स्टैंड आईएसबीटी कर दिया है। सोलन निवासी इंद्र ने बताया कि मरीज को दिखाने के लिए रूटीन में आईजीएमसी आता हूं, सीधी बस सेवा से राहत मिली थी, अब वापसी के लिए सीधी बस न होने से परेशानी बढ़ गई है।
पहले की तरह आईजीएमसी से चलाएं बस
भाजपा सरकार ने 24 अगस्त 2021 को सोलन से आईजीएमसी में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, खास तौर पर कैंसर से पीड़ित मरीजों की सुविधा के लिए यह बस सेवा शुरू की थी। इसके शुरू होने पर आने और जाने में पूरी तरह से भरी रहती थी। अब इसकी वापसी का रूट निगम ने जब से बदला है, उसके बाद से इस बस में सुबह आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को वापसी के लिए पैदल सफर कर पहले ओल्ड बस अड्डे फिर वहां से आईएसबीटी के लिए बस लेनी पड़ती है। मरीजों की परेशानी को समझते हुए पहले की तरह इस बस को वापसी में भी आईजीएमसी से ही चलाया जाए।
जाम लगने के कारण बदला रूट : आरएम
सोलन-आईजीएमसी बस सेवा सुबह तय समय पर चल रही है। शाम को बस अर्की से लौटने के बाद सोलन को भेजी जाती थी जो जाम में फंसने के कारण लेट हो जाती थी, इसलिए बस को अब आईएसबीटी से ही चलाना पड़ा है। इसके बावजूद वह निगम अधिकारियों से संजौली रूट पर चलने वाली बस को सोलन बस के साथ कनेक्ट कर संचालित करवाने के लिए प्रयास करेंगे। इस बस को आईजीएमसी स्टॉपेज पर दस मिनट तक रुकवाने के लिए कहेंगे।
-सुरेंद्र राजपूत, क्षेत्रीय प्रबंधक, सोलन