देश की जानी-मानी रसना कंपनी हिमाचली सेब का सॉफ्ट ड्रिंक बनाएगी। इसे टेट्रा पैक में हिमाचल के नाम से बाजार में उतारा जाएगा। कंपनी ने राज्य में मेगाफूड पार्क स्थापित करने की भी इच्छा जताई है। इसके अलावा अदानी ग्रुप ने शिमला और कुल्लू में सेब भंडारण के लिए कोल्ड स्टोर स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है।
मुंबई, बंगलूरू के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के उद्यमी अहमदाबाद में आयोजित इनवेस्टर मीट में हिमाचल प्रदेश पर खूब मेहरबान हुए। उनकी ओर से प्रदेश में करोड़ों रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि देश की अग्रणी कंपनी रसना प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक खमबाटा ने हिमाचल में खाद्य प्रसंस्करण सुविधाओं वाले मेगाफूड पार्क स्थापित करने की इच्छा जाहिर की है।
वाडीलाल आइसक्रीम मैन्यूफैक्चरिंग ने खाद्य प्रसंस्करण के लिए प्रदेश के निचले हिस्सों में निवेश का प्रस्ताव दिया है। टोरेंट ग्रुप ने दवा उद्योग क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रपोजल दिया। इस समूह ने प्रदेश में 500 मेगावाट और 1000 मेगावाट की जल विद्युत परियोजनाएं स्थापित करने की भी इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने 15 दिसंबर तक प्रस्ताव देने के लिए कहा। अदानी विलमार ग्रुप ने शिमला के रामपुर में 3000 टन क्षमता और कुल्लू में 100 करोड़ रुपये की लागत से एक कोल्ड स्टोर स्थापित करने का आग्रह किया।