हिमाचल में मौसम ने करवट बदल ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बढ़ी ठंड से अब शनिवार को भी सूबे में बर्फबारी होने की संभावना बन गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इस बारे में ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।
विभाग ने साल 2016 के आखिरी दिन 31 दिसंबर और साल 2017 के पहले दिन एक जनवरी को प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल स्पीति में मौसम का मिजाज बिगड़ने का बुलेटिन जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर से लेकर पांच जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।
कड़ाके की ठंड, 6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा शिमला का पारा
राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान बीते कई दिनों से 10 और 11 डिग्री के पास दर्ज हो रहा था। वीरवार रात को शिमला का न्यूनतम तापमान 6.3, धर्मशाला में 8.4, सुंदरनगर में 1.8, भुंतर में 2.2, कल्पा में 0.4, ऊना में 5.0, केलांग में माइनस 2.6, सोलन में 3.2, चंबा में 2.8, मनाली में 2.4, मंडी में 4.1, हमीरपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 24.2, शिमला में 16.8, धर्मशाला में 16.8, सोलन में 19.0, नाहन में 20.0, कल्पा में 13.4, भुंतर में 21.0 और सुंदरनगर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिन भर बादल भी छाए रहे।
शिमला को लेकर चौंकाने वाली रिपोर्ट, दिसंबर सबसे गर्म
साल 2016 का दिसंबर माह राजधानी शिमला में आठ साल बाद सबसे गर्म रहा है। इस वर्ष दिसंबर में शिमला का न्यूनतम तापमान औसतन 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व साल 2008 में न्यूनतम पारा 8.3 डिग्री रिकार्ड किया था। इससे पूर्व वर्ष 1918 में शिमला में दिसंबर महीने में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान औसतन 7.7 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
पोस्ट मानसून सीजन में 93 फीसदी कम बरसे बादल
हिमाचल में इस साल पोस्ट मानसून सीजन (अक्तूबर से दिसंबर) के दौरान 93 फीसदी कम बारिश रिकार्ड की गई है। हिमाचल में 11 साल बाद पोस्ट मानसून सीजन शुष्क रहा है। इससे पहले साल 2005 में 98 फीसदी कम बारिश इस सीजन के दौरान दर्ज की गई थी। पश्चिमी विक्षोभ के इस सीजन में सक्रिय नहीं रहने के चलते मात्र 7.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। साल 2011 में 83 फीसदी कम बारिश हुई थी।
अक्तूबर से दिसंबर में कहां-कितनी कम बारिश
जिला फीसदी
लाहौल स्पीति 99
हमीरपुर 97
कुल्लू 95
कांगड़ा 93
किन्नौर 93
चंबा 93
बिलासपुर 80
मंडी 86
शिमला 87
सिरमौर 85
सोलन 74
ऊना 88