नए साल का आगाज होते ही हिमाचल में ठंड बढ़ना शुरू हो गई है। शिमला सहित अन्य मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा पड़ने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। चार जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। ऐसे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
राजधानी शिमला में सोमवार को दिन भर बादल छाए रहे। तेज हवाएं चलने से शहर में ठंड बढ़ गई है। शहर के अधिकतम तापमान में भी सोमवार को दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मैदानी क्षेत्रों में सोमवार से कोहरा पड़ना शुरू हो गया है। सुबह 11 बजे तक धूप नहीं खिलने के चलते मैदानी क्षेत्रों में खुश्क ठंड बढ़ गई है।
सुबह के अलावा शाम के समय भी मैदानों में कोहरा पड़ रहा है। शाम चार बजते ही दोबारा धुंध पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक सात जनवरी तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 12.2, ऊना में 21.0, धर्मशाला में 15.4, नाहन में 17.4, सोलन में 15.5, कांगड़ा में 19.5, बिलासपुर में 16.0, हमीरपुर में 20.0, चंबा में 16.3,
डलहौजी में 9.1, सुंदरनगर में 17.0, भुंतर में 18.5 और कल्पा में 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधर, रविवार को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.2, कल्पा में माइनस 2.3, मनाली में 0.6, शिमला में 2.7, सोलन में 2.6, भुंतर में 3.0, ऊना में 5.2 और धर्मशाला में 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।