राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर इलाकों में रविवार रात से ही हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। हिल्स क्वीन शिमला में सोमवार सुबह 11 बजे तक बारिश का क्रम जारी रहा। इससे यहां लोगों को ठंड का सामना भी करना पड़ा।
यहां करीब 10 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश हो रही है। राजधानी में जारी बारिश से सुबह के समय स्कूली छात्रों को भी स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर, चोटियों पर देर रात से ही हल्की बर्फबारी हो रही है। रोहतांग, किन्नौर की चोटियों और कुल्लू के ऊंचाई वाले स्थानों पर भी बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार शाम तक बारिश और हल्की बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।