अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अजय ठाकुर इस बार दिल्ली दबंग से खेलेंगे। इसके अलावा विशाल, बलदेव सिंह, महेंद्र, सुरेंद्र ठाकुर और राहुल राणा भी अलग-अलग टीमों से खेलेंगे। तीन दिन चली नीलामी में सभी फ्रेंचाइजी ने पसंद के खिलाड़ियों पर बोली लगाई। पहली बार हिमाचल के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
प्रो-कबड्डी सीजन-8 के लिए हुई नीलामी में हिमाचल के खिलाड़ियों पर खूब धन बरसा है। इस बार प्रदेश के छह खिलाड़ी प्रो-कबड्डी में दमखम दिखाएंगे। अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अजय ठाकुर इस बार दिल्ली दबंग से खेलेंगे। उन्हें 46 लाख रुपये में फ्रेंचाइजी ने टीम में शामिल किया है। अजय ठाकुर के अलावा विशाल, बलदेव सिंह, महेंद्र, सुरेंद्र ठाकुर और राहुल राणा भी अलग-अलग टीमों से खेलेंगे। तीन दिन चली नीलामी में सभी फ्रेंचाइजी ने पसंद के खिलाड़ियों पर बोली लगाई। पहली बार हिमाचल के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। विशाल और बलदेव पर टीमों ने अच्छी बोली लगाई। दोनों को पुनेरी पलटन ने 60-60 लाख में खरीदा है। सुरेंद्र को तेलगु टाइटन ने 55 लाख और महेंद्र सिंह को बंगलूरू बुल्स ने 50 लाख में खरीदा है।
विज्ञापन
देश के स्टार खिलाड़ी अजय ठाकुर इस बार दिल्ली से दम दिखाएंगे। उन्हें भी टीम ने 46 लाख रुपये की अच्छी खासी बोली पर खरीदा है। अजय पिछले सीजन में तमिल थलाइवा से खेले थे। वे टीम के कप्तान थे। वहीं, नालागढ़ के जोघों के खिलाड़ी राहुल राणा को पहली बार यू मुंबा ने 10 लाख रुपये में खरीदा है। नीलामी में तीनों युवाओं को अच्छे दाम मिलने से कबड्डी के प्रशंसकों में खुशी का माहौल है।
दभोटा के बलदेव सिंह पिछले सात सालों से हिमाचल की सीनियर कबड्डी टीम के सदस्य हैं। इंडिया की ओर से इनविटेशन टूर पर नेपाल में हुई कबड्डी प्रतियोगिता में भारत की ओर से खेलते हुए बलदेव सिंह ने गोल्ड जीता था। पिछले सात सीजन की विजेता टीम बंगाल वारियर का बलदेव सिंह हिस्सा रहे हैं। वह टीम के डिफेंडर के रूप में सबसे सफल खिलाड़ी रहे थे।
विज्ञापन
अजय ठाकुर का जवाब नहीं
प्रो-कबड्डी हो या फिर कोई बड़ा टूर्नामेंट। अजय ठाकुर ने हर बार अपना श्रेष्ठ दिया है। एशियाड हो या फिर विश्व चैंपियनशिप। अजय ने सभी प्रतियोगिताओं में छाप छोड़ी है। अजय का खेल के प्रति जज्बा दिखाता है कि वे दूसरे खिलाड़ियों को भी कबड्डी खेलने लिए प्रेरित करते हैं। प्रो-कबड्डी के स्टार खिलाड़ियों में अजय का नाम सबसे ऊपर आता है। हर सीजन में उनका खेल निखरा है।