नौहगीं गांव में पुलिस ने दी दबिश
- फोटो : संवाद
वही, क्रिप्टो करेंसी के मामले में एसआईटी ने जिला हमीरपुर के दो घरों में दबिश दी है। इस मामले में पंजाब पुलिस की ओर से पिछले दिनों जीरकपुर में पकड़े गए नादौन की नौहंगी पंचायत के कुठियाना गांव निवासी व्यक्ति के घर पर एसआईटी ने शनिवार सुबह तलाशी ली। इस दौरान पांच डायरियां, कुछ सिक्कों सहित डॉलर, दिरहम करेंसी के तीन नोट तथा थाइलैंड करेंसी के पांच नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा कुछ अन्य दस्तावेज भी पुलिस ने बरामद किए हैं। वहीं, हमीरपुर के अणु में एक एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) के घर पर भी एसआईटी ने दबिश दी। यहां से क्या बरामद हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। 4 सितंबर को पंजाब पुलिस ने जीरकपुर में दबिश देकर इस व्यक्ति और उसके दो अन्य साथियों को हिरासत में लिया था।
इन तीनों से पूछताछ में पता चला है कि ठगी के तार हिमाचल से भी जुड़े हैं। 2019 से चल रहे इस मामले के शिकार कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, नेता व अन्य लोग हुए हैं। नादौन क्षेत्र में भी लोगों के करोड़ों रुपये डूबने की आशंका है। बटरान, नौहंगी, धनेटा क्षेत्र के कई भाजपा व कांग्रेस नेता भी ठगी का शिकार हुए हैं। अभी तक अधिकांश लोगों ने मुंह नहीं खोला है। कुछ लोगों ने तो 50 लाख तक की राशि क्रिप्टो करेंसी में लगा रखी है। अब आशंका है कि रुपये डबल तो नहीं हुए बल्कि जो लगाए थे वह भी डूब गए हैं। पुलिस अब इसमें गहन छानबीन कर रही है। क्षेत्र के कुछ लोग पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि छानबीन की जा रही है।