हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम ने 56वें महा अलंकरण समारोह में देश की 11 हस्तियों को सम्मानित किया। शनिवार देर रात को ददाहू के समीप बायरी में हुए समारोह में देश-प्रदेश के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डा. अरुण शर्मा थे।
समारोह की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर जनाब रशीद आरफी ने की। लोक संस्कृति, कला साहित्य, समाज सेवा एवं पत्रकारिता क्षेत्र में अपनी बहुमूल्य सेवा देने वाले 11 श्रेष्ठ लोगों को नवाजा गया।
इनमें पंडित मुरलीधर पांडे, अंबर खलबंदा, पंडित अमरनाथ शुक्ल, रमेश चंद मस्ताना, उर्मिला गौतम, जसमेर सैनी, डा. रामस्वरूप, कुंती बत्रा, मुनीष दत्त, अशोक दर्द और दिनेश शर्मा शामिल हैं। इन्हें एक मेडल, प्रशस्ति पत्र, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर दिया गया।
संगम की महासचिव अर्चना शर्मा ने संगम के पिछले 55 वर्षों के इतिहास को दोहराते हुए संगम की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। मंच संचालन कार्यकारी अध्यक्ष आचार्य ओमप्रकाश राही ने किया।
प्रकाश भारती, डा. देवराज शर्मा, कपिल शर्मा और दिनेश शर्मा ने मधुर प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया। प्रख्यात शायर रशीद आरफी ने शायरी से दर्शकों पर छाप छोड़ी।
इस दौरान प्रो. अमर सिंह चौहान, अरविंद गोयल, दिनेश ताश, डा. सुरेंद्र गांधी, मनोज गाबा, सत्यदेव सैनी, अशोक सैनी, श्यामा ठाकुर, अर्चना शर्मा, संजीव अग्रवाल, मोहित भल्ला और इंद्रप्रकाश गोयल आदि मौजूद रहे।