विधायक विनय कुमार के सामने तीन दिन पुरानी टारिंग को हाथों से उखाड़ते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
रेणुका-बिरला वाया तिरमली सड़क पर हो रही टारिंग की घटिया गुणवत्ता को लेकर दूसरे दिन भी ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों का घेराव करने के साथ विधायक के सामने ही उन्हें खरी-खोटी सुनाई। शुक्रवार सुबह विधायक विनय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क पर टारिंग का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। वरना ग्रामीणों के साथ उन्हें भी आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।
इस दौरान महिलाओं ने विधायक के समक्ष ही सड़क की तीन दिन पुरानी टारिंग को अपने हाथों से उखाड़ कर दिखाया। यह देख विभागीय अधिकारियों के पसीने छूट गए। विधायक ने कहा कि 3.50 करोड़ की लागत से आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क को पक्का करने का कार्य बमुश्किल हो रहा है। इस कार्य में लापरवाही बरतने के साथ नियमों के विरुद्ध कार्य किया जा रहा है। मिट्टी पर ही तारकोल बिछाया जा रहा है। संबंधित ठेकेदार इस कार्य को आगे सबलेट कर जमकर अनियमिताएं बरत रहा है।
जबकि, सड़क की सुविधा को लेकर क्षेत्र के गरीब किसानों ने अपनी मलकीयत भूमि को विभाग के नाम किया था। बता दें कि वीरवार को सड़क की टारिंग के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने मौके पर एकत्रित होकर हाथ से ही टारिंग को उखाड़ दिया था। ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण में घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए इस कार्य को बंद करवा दिया। घटना के अगले ही दिन क्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर सहायक अभियंता दलीप चौहान और कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।
सड़क पर की गई टारिंग की होगी जांच, पांच दिन में मांगी रिपोर्ट
सिरमौर जिले की ददाहू-बिरला वाया तिरमली सड़क पर की गई टारिंग की जांच होगी। लोक निर्माण मुख्यालय ने इसके लिए जांच टीम गठित की है। विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने पांच दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट मांगी है। टीम के सदस्यों को मौके पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। टीम में अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता को शामिल किया गया है। बाकायदा टारिंग के सैंपल लिए जाएंगे। इसकी जांच लोक निर्माण विभाग की क्वालिटी कंट्रोल विंग की प्रयोगशाला में करवाई जाएगी।
जांच में गड़बड़ी पाई जाने पर अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि ददाहू-बिरला वाया तिरमली सड़क से मिट्टी हटाए बिना टारिंग कर दी। घटिया टारिंग के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने हाथ से करीब 200 फीट के दायरे में टारिंग को उखाड़ दिया। तिरमली के समीप ग्रामीणों ने ठेकेदार के मजदूरों को भगा दिया। लोगों ने मौके पर नारेबाजी भी की। चार सालों से अधर में लटकी इस सड़क पर टारिंग का काम चल रहा है। यह सड़क चार किलोमीटर तक पक्की की जानी है।