फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेम पोर्टल से जुड़ने वाला देश का पहला जिला बना सिरमौर

Mon, 12 Mar 2018 01:01 PM IST
संजय भारद्वाज, अमर उजाला, नाहन (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं के हाथों से तैयार उत्पाद अब देश के कोने-कोने तक पहुंचेंगे। भारत सरकार का जेम (गवर्नमेंट ई-मार्केट) पोर्टल गांव-गांव में तैयार हो रहे उत्पादों के विपणन का जरिया बन गया है। स्वयं सहायता समूहों को इस सरकारी वेबसाइट से जोड़ने वाला सिरमौर हिमाचल ही नहीं बल्कि देश का भी पहला जिला बन गया है।
विज्ञापन


इससे स्वयं सहायता समूहों को घर बैठे विपणन की सुविधा मिलेगी। इससे लोकमित्र केंद्रों की कमाई में भी इजाफा होगा। पहले चरण में फाइल कवर और पेन स्टैंड बनाने वाले नाहन के एक स्वयं सहायता समूह को इस वेबसाइट से जोड़ा गया है। जिला सिरमौर में कुल 1400 स्वयं सहायता समूह काम कर रहे हैं।

इन समूहों से जुड़ीं महिलाएं क्षेत्र में मिलने वाले कच्चे माल से सामान तैयार कर रही हैं, लेकिन बेहतरीन विपणन की सुविधा उपलब्ध न होने से उनकी आर्थिकी नहीं सुधर रही। इन समूहों की विपणन समस्या दूर करने को उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने विशेष पहल की है।
विज्ञापन


स्वयं सहायता समूहों को इंटरनेट की जानकारी पाने के लिए लोकमित्र केंद्रों से जोड़ा गया है। लोकमित्र केंद्र सरकार के जेम पोर्टल पर स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के चित्र अपलोड करेंगे। इसी वेबसाइट से विभिन्न राज्य उत्पादों का ऑर्डर दे सकेंगे।
विज्ञापन

पोर्टल से जुड़ेंगे सिरमौर के सभी समूह

डीसी सिरमौर ललित जैन ने कहा कि इस पोर्टल से सिरमौर के सभी समूह जोड़े जाएंगे। इससे सरकारी सामान की खरीद में पारदर्शिता आएगी। इस राष्ट्रीय स्तर के खरीद पोर्टल से फाइल कवर, पेन स्टैंड, फर्नीचर, स्मृतिचिह्न, स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार शॉल, टोपी, गर्म कपड़े इत्यादि के ऑर्डर मिल सकेंगे। भविष्य में समूहों की महिलाओं को कंप्यूटर ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

सभी विभागों को ऑनलाइन खरीद के आदेश
उपायुक्त ने कहा कि उन्होंने अपने जिला में सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी सामान की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाए। खुले बाजार की अपेक्षा जेम पोर्टल से काफी कम दर पर सामान उपलब्ध होगा। यदि यह प्रयोग सफल हुआ तो इस सेवा का और विस्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें