हिमाचल प्रदेश की नाहन पुलिस टीम ने मारपीट मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ 26 जनवरी को पुलिस थाना नाहन में बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने जांच कर चार हरियाणा व एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस थाना नाहन की टीम ने विशाल, आशिक, साबीर, वाहिद हसन, रवि सभी निवासी जैदर, छछरौली, यमुनानगर, हरियाणा व मुकेश ठाकुर निवासी रखनी, शंभुवाला, नाहन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी जल्द गिफ्तारी होगी। आरोपियों के कब्जे से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई हरियाणा नंबर की कार, हाॅकी, डंडो व पिस्टल को भी बरामद कर लिया गया है। एएसपी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार करेगी। उन्होंने कहा कि सिरमौर में दंगे फसाद करने व दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के लिए सिरमौर पुलिस का साफ संदेश है कि इस प्रकार के कृत्य के लिए कानून में कोई ढील नहीं दी जाएगी। ऐेसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।