दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से श्रीराम मंदिर में मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रभु की बाल लीलाओं का वर्णन किया गया।
इस मौके पर आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी वैष्णवी भारती ने प्रवचन किया। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान शिमला शाखा की मुख्य प्रचारक रुकमणि भारती ने बताया कि कथा का शुभारंभ भागवत पूजन के साथ हुआ।
इसके बाद भगवान की स्तुति की गई। पावन आरती के साथ कथा संपन्न हुई। कथा सुनने आए लोगों को प्रसाद भी बांटा गया।
रुकमणि भारती ने बताया कि 20 जून को श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन श्रीराम मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की सदस्य संयोगिता भारती, रव्या भारती, किरण भारती, नवनीत भारती और अनीता भारती भी मौजूद रहीं।