कान्हा और राधा की ड्रेस 200 से एक हजार तक
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए राजधानी के मंदिर और बाजार सजना शुरू हो गए हैं। बाजार में भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, पालना (झूला) और मूर्तियों के स्टॉल लगे हैं।
लोअर बाजार में शनिवार को जन्माष्टमी की खरीदारी के लिए लोगों की खूब भीड़ लगी रही। दुकानों पर तार वाले डिजाइनर और रंग-बिरंगे मोतियों तथा शीशे से सजे झूलों की सबसे ज्यादा मांग है। छोटे बच्चों के लिए कान्हा और राधा की ड्रेस भी खूब बिक रही है। इसकी कीमत 200 से 1000 रुपये तक है। लोग अपने बच्चों के लिए कान्हा की ड्रेस का पूरा सेट बनाकर ले जा रहे हैं। इसमें बांसुरी, शृंगार का सामान, कंगन, मोर पंख वाला मुकुट और मोतियों की माला शामिल हैं। इसके अलावा लड्डू गोपाल के वस्त्र 200 से 2000, अष्टधातु से बने वस्त्रों की कीमत 3100 से 5100 रुपये तक है। झूलों की कीमत 500 से 5,000 रुपये तक है।
विज्ञापन
कृष्ण जन्माष्टमी पर सनातन धर्म सभा की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 13 अगस्त को सभा की ओर से शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 11 बजे गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होगी। इसके बाद 15 अगस्त को सुबह 7 बजे से मंदिर में भजन कीर्तन कार्यक्रम शुरू होंगे। 19 से 27 अगस्त तक मंदिर परिसर में रोजाना शाम 4 से 6:30 बजे तक रासलीला का मंचन होगा। वहीं 29 से 31 अगस्त तक मंदिर में राधा अष्टमी पर धार्मिक आयोजन होगा।
राम मंदिर में होगा विशेष कार्यक्रम
कृष्ण जन्माष्टमी पर 15 अगस्त को राम मंदिर में सूद सभा की ओर से सुबह 11 से रात 12 बजे तक कीर्तन किया जाएगा। इसमें डेरा बाबा रुद्रानंद शिमला, आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान, ब्रह्म कुमारी संकीर्तन मंडल, राम नाम संकीर्तन मंडल और दिल्ली की पंकज एंड पार्टी प्रस्तुतियां देंगी।