लोगों ने टेका माथा
अमृत वेला का दीवान सुबह 4:30 बजे सजाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के लोकल बस अड्डे के पास स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा शिमला में मंगलवार को बैसाखी की रौनक लगी रही। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में विशेष शबद कीर्तन और पाठ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सुबह से शाम तक कार्यक्रम चले जिनमें सैकड़ों की संख्या में संगत पहुंची। अमृत वेला का दीवान सुबह 4:30 बजे सजाया गया। इसमें प्रकाश श्री गुरुग्रंथ साहिब, नितनेम और सुखमनी साहिब का पाठ किया गया। सुबह 6:00 बजे अखंड पाठ साहिब और सहिज पाठ के साथ समाप्ति हुई। इसके बाद सुबह 6:30 बजे नीरज ग्रोवर और हरभजन सिंह ने कीर्तन से संगत को निहाल किया। इसके बाद सुबह 7:00 बजे हजूरी रागी जत्था सुखजिंदर सिंह ने आसा की वार कीर्तन किया। इसके साथ सुबह 8:30 बजे लुधियाना से आए वरिंदर सिंह कंग ने कीर्तन किया और 10:00 बजे सुरजीत कौर तथा राजिंदर सिंह ने कीर्तन से संगत को निहाल किया। इसके बाद 10:30 से 11:15 बजे तक श्री जाप साहिब पाठ किया और प्रकाश कौर सहित सिख महिला सत्संग सिंह सभा शिमला ने कीर्तन किया। दोपहर 12:25 बजे ग्रंथी लवप्रीत बैसाख का शबद विचार प्रस्तुत किया जिसमें सैकड़ों की संख्या में संगत मौजूद रही।
दोपहर 2:15 से 2:40 बजे तक हजूरी रागी सुखजिंदर सिंह की ओर से कीर्तन, आनंद साहिब और अरदास के साथ दीवान का समापन किया गया। इसी तरह शाम 6:50 बजे शाम का दीवान सजाया गया। इसमें ग्रंथी जसविंदर सिंह ने सोदर रहिरास साहिब का पाठ किया। हजूरी रागी जत्था सुखजिंदर सिंह ने आरती कीर्तन और लुधियाना वाले वरिंदर सिंह कंग ने कीर्तन, आनंद साहिब और अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर संगत को सुबह से शाम तक अटूट लंगर लगाए गए।