रैहन पंचायत के कदाना गांव की 20 वर्षीय नताशा गुलेरिया उर्फ गुड़िया ने मीडिया विजन मिस हिमाचल का खिताब जीता है। मीडिया विजन कंपनी के सौजन्य से करवाई गई प्रतियोगिता में नताशा गुलेरिया ने प्रथम, हमीरपुर की बबिता कौशल ने प्रथम रनरअप और प्रिया ने द्वितीय रनरअप का खिताब जीता।
कार्यक्रम निदेशक शिवा खान ने कहा कि नताशा ने मिस हिमाचल बनने के लिए कड़ी मेहनत की। नताशा ने कहा कि उन्हें बचपन से ड्राइंग का शौक रहा है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा हंसराज मेमोरियल पब्लिक स्कूल रैहन से हुई है। जमा दो की पढ़ाई कामरेड रामचंद्र स्कूल से की। उसके बाद धर्मशाला स्थित इग्नू सेंटर से बीसीए की पढ़ाई की।
बीसीए के साथ नताशा ने मिस हिमाचल की प्रतियोगिता में भाग्य आजमाने के बारे में सोचा। माता-पिता के सहयोग से नताशा ने इस प्रतियोगिता में भाग लेने का मन बनाया। नताशा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया। शनिवार को रैहन पहुंचने पर हंसराज स्कूल के प्रधानाचार्य राम कुमार वर्मा ने उनका स्वागत किया।