अभी शाम छह बजे तक खुल रही दुकानें, पहले दिन बेहद कम ग्राहक पहुंचे दुकानों तक
शिमला। राजधानी में कोरोना कर्फ्यू के पहले दिन बाजार सुनसान रहे। ग्राहक न आने से परेशान कारोबारियों ने अब आवश्यक सामान की दुकानें भी पूरा दिन खोलने के बजाय कुछ घंटे ही खुला रखने की मांग की है।
अभी शाम छह बजे तक आवश्यक सामान की दुकानें खोलने की अनुमति दी है। उपनगरों में भी शुक्रवार को दुकानें तो खुलीं लेकिन कम ही लोग खरीदारी करने पहुंचे। शहर के कारोबारियों का कहना है कि अनाज मंडी में कम लोग आ रहे हैं। लोग उपनगरों से ही राशन ले रहे हैं। सब्जी मंडी का भी यही हाल है। टुटू व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव सूद ने कहा कि बाजारों को खोलने की समयसारिणी तय होनी चाहिए। पूरा दिन आवश्यक सामान की दुकानें खुला रखने का कोई फायदा नहीं। बालुगंज व्यापार मंडल ने भी इसका समर्थन किया। संजौली के कारोबारी रवि कुमार ने कहा कि कम लोग ही बाजार में आ रहे हैं। ऐसे में सब्जी जैसी आवश्यक सामान की दुकानें भी पूरा दिन खोलने की जरूरत नहीं है। प्रशासन दो या तीन घंटे का टाइम तय करे।
तो खुद लेंगे फैसला : व्यापार मंडल
शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कारोबारी दुकानों को खोलने की टाइमिंग तय करने की मांग कर रहे हैं। पूरा दिन आवश्यक सामान की दुकानें खोलने से कोई फायदा नहीं। यदि प्रशासन ने इस पर फैसला नहीं लिया तो कारोबारी खुद टाइमिंग तय कर देंगे। महासचिव संजीव ठाकुर ने कहा कि अनाज मंडी में राशन के लिए लोग कम आ रहे हैं। ऐसे में शाम छह बजे तक दुकानें खुली रखना जरूरी नहीं।