व्यापार मंडल चुनाव का एलान कर सकते हैं कारोबारी, चार साल बाद बुलाया जनरल हाउस
क्रॉसर
चुनाव की तारीख और सदस्यता अभियान पर होगा फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला व्यापार मंडल चुनाव पर गरमाई सियासत के बीच चार साल बाद रविवार को शहर के कारोबारियों का जनरल हाउस होने जा रहा है। इसमें सदस्यता अभियान चलाने के साथ चुनाव तारीखों का भी एलान हो सकता है।
शिमला शहर के साथ साथ उपनगरों के कारोबारी भी इसमें शामिल हो सकेंगे। यह जनरल हाउस गंज स्थित एसडी स्कूल में दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। इसके लिए जिला प्रशासन से भी अनुमति ले ली है। जनरल हाउस में शहर के करीब 250 कारोबारी हिस्सा ले सकते हैं। जनरल हाउस बुलाने की घोषणा के साथ ही कारोबारी नेताओं ने चुनाव के लिए भी तैयारी शुरू कर दी है। जनरल हाउस बुलाने को लेकर शुक्रवार को शिमला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान फैसला लिया कि रविवार को ही जनरल हाउस बुलाया जाए। इस दौरान कारोबारियों से चर्चा की जाएगी। कारोबारियों की सहमति के बाद रविवार को ही चुनाव तारीखों का भी ऐलान हो सकता है। शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कारोबारियों की मांग पर जनरल हाउस बुलाया है। इसमें कारोबारी अपनी समस्याएं रख सकते हैं। महासचिव संजीव ठाकुर ने कहा कि कोविड नियमों के तहत यह जनरल हाउस रखा है।
चुनाव कमेटी, सदस्यता
अभियान पर होगा फैसला
जनरल हाउस में चुनाव संबंधी कई अहम फैसले लेने की तैयारी है। चुनाव में कौन-कौन से कारोबारी शामिल होंगे, चुनाव से पहले सदस्यता अभियान चलाना है या नहीं। इस पर फैसला लिया जाएगा। चुनाव में उपनगरों के कारोबारियों को शामिल करने को लेकर अभी तक कारोबारी नेता एकमत नहीं है। सदस्यता अभियान कैसे और कब तक चलाना है, इस पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा चुनाव करवाने के लिए कमेटी का गठन भी किया जा सकता है। कुछ कारोबारी पुरानी कमेटी को ही चुनाव का जिम्मा सौंपने के पक्ष में हैं। कई कारोबारी नेता इतने साल तक जनरल हाउस न बुलाने और लगातार चुनाव टालने को लेकर भी व्यापार मंडल को घेर सकते हैं।
चुनाव पर चार हजार से ज्यादा कारोबारियों की नजर
शिमला शहर और उपनगरों के करीब चार हजार कारोबारी शिमला व्यापार मंडल से जुड़े हैं। लेकिन इस बार सभी चुनाव में मतदान करेंगे या नहीं, इस पर संशय है। कच्चीघाटी, शोघी, मशोबरा, घणाहट्टी, टुटू, ढली, मेहली आदि के कारोबारी भी चुनाव में हिस्सा लेने की मांग कर रहे हैं।
आंकड़ों की नजर में
...2013 में आखिरी बार हुआ था शिमला व्यापार मंडल का चुनाव
...2017 में हुआ था आखिरी जनरल हाउस
...साल 2018 में पंजीकृत हुआ व्यापार मंडल, पंजीकरण के बाद होंगे पहले चुनाव
...चार साल तय किया गया है व्यापार मंडल का कार्यकाल
...इस बार रिकॉर्ड चार हजार कारोबारियों के मतदान में हिस्सा लेने की उम्मीद