फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काम को लेकर क्षेत्रवाद का विवाद: शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों ने की हड़ताल, उपायुक्त दफ्तर के बाहर गरजे

Thu, 22 Jun 2023 08:33 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

गुरुवार को शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों ने हड़ताल की, जिससे पर्यटक और विद्यार्थी परेशान हुए। एक सप्ताह पहले सिरमौर और शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।
विज्ञापन
शिमला टैक्सी यूनियनों का प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काम को लेकर क्षेत्रवाद का पिछले एक सप्ताह से शिमला और सिरमौर के टैक्सी ऑपरेटरों के बीच चल रहा विवाद थम नहीं रहा। गुरुवार को शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों ने हड़ताल की, जिससे पर्यटक और विद्यार्थी परेशान हुए। एक सप्ताह पहले सिरमौर और शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों ने जिला और पुलिस प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सिरमौर के टैक्सी ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।

विज्ञापन


गुंडागर्दी के विरोध में शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर 3:30 घंटे प्रदर्शन किया और एजी चौक से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। टैक्सी ऑपरेटर मारपीट की घटना में दर्ज एफआईआर में नामजद 23 आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी गाड़ियां जब्त करने की मांग कर रहे हैं। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद ऑपरेटरों ने प्रदर्शन समाप्त किया। सुबह 10:45 बजे उपायुक्त कार्यालय पहुंचे इन प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन शुरू किया।



 

मामले में सियासी माहौल में गरमाया रहा। शिमला टैक्सी ऑपरेटर यूनियन, ट्रेवल एजेंट संघ के पदाधिकारियों के अलावा नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र नीटू, खलीनी के पार्षद चमन लाल ने भी प्रदर्शन के दौरान संबोधित किया। इन लोगों ने कहा कि शिमला शहर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में राजनीति करने वालों की निंदा की। उन्होंने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर उनके बयान पर बवाल करने वालों को माफी मांगने के लिए कहा।

करीब 12:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त शिमला और पुलिस अधीक्षक को प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर बात सुनने को आने के लिए आधे घंटे का समय दिया और उनके न आने पर शहर में चक्का जाम की चेतावनी दी। करीब 1:15 बजे उपायुक्त आदित्य नेगी और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को संबोधित किया और इस मामले में निष्पक्षता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।

मामले को सुलझाने के लिए बनी कमेटी कर रही काम : उपायुक्त
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने कहा कि विवाद को सुलझाने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी काम कर रही है। इसमें पर्यटन विभाग के जिला स्तर के अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी को भी शामिल किया गया है।

 

चार लोग और गिरफ्तार
सदर थाना क्षेत्र के ऑकलैंड टनल के पास गत शुक्रवार रात 9:00 बजे टैक्सी यूनियनों के दो गुटों में मारपीट को लेकर उपजे विवाद में पुलिस ने वीरवार को चार और लोग गिरफ्तार किए। पुलिस अभी तक 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। थाने में सभी लोगों के बयान कलमबद्ध करने बाद में इन्हें चेतावनी देकर नोटिस पर छोड़ा गया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक सभी आरोपित सिरमौर टैक्सी यूनियन के हैं। जांच अधिकारी एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है।

गौरतलब है कि पर्यटन सीजन में कारोबार के चलते चूड़ेश्वर और देवभूमि टैक्सी यूनियन के गुटों में हुई बहसबाजी मारपीट में बदल गई। इसमें एक निजी वाहन सहित आधा दर्जन के करीब टैक्सियों के शीशे टूटे थे। बाद में क्यूआरटी के जवानों ने स्थिति को नियंत्रण किया था। पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव गांधी ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि पुलिस निष्पक्षता से जांच कर रही है। अभी तक इसमें 17 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। 14 गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।

भाजपा रच रही है षड्यंत्रः रोहित ठाकुर
 शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि टैक्सी विवाद को सभी पक्षों को मिल बैठकर सुलझाना चाहिए। राजधानी प्रदेश के सभी लोगों की है। कानून पर विश्वास रखते हुए लोगों को सहनशीलता का परिचय देना चाहिए। हिमाचल प्रदेश पूरे देश में सद्भावना के लिए जाना जाता है। भाजपा लोकसभा चुनाव को नजदीक देखकर इस तरह के षडयंत्र रच रही है। चंबा के मामले में भी भाजपा ने लोगों को बांटने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि शिमला के टैक्सी विवाद को कुछ असामाजिक तत्व बढ़ा रहे हैं। 
विज्ञापन

प्रदेश में क्षेत्रवाद का जहर फैलाने नहीं देंगे: भाजपा
भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री राजीव सैजल, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर और विधायक हंसराज ने कहा कि कांग्रेस सरकार क्षेत्रवाद फैलाने में जुट गई है। चंबा में हुए जघन्य हत्याकांड, बिगड़ती कानून-व्यवस्था की तरफ से ध्यान भटकाने के लिए सरकार के मंत्री विरोधाभासी बयान देकर क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने में जुट गए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में क्षेत्रवाद का जहर किसी कीमत पर फैलाने नहीं दिया जाएगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि मनोहर हत्याकांड के दो हफ्त बीत जाने के बाद भी सरकार को फुर्सत नहीं मिली कि पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें मदद दी जाए और इलाकावासियों को सुरक्षा की गारंटी दी जाए। उन्होंने कहा कि जो करने के काम थे, वह इस सरकार ने बंद कर दिए। 1000 सरकारी संस्थान बंद कर दिए और शिमला में सुक्खू सरकार के मंत्री खुल्लमखुल्ला क्षेत्रवाद का जहर घोलने में जुट गए हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सरकार के मंत्री ही आपस में लट्ठम-लट्ठा हो रहे हैं या फिर जनता की आंख में धूल झोंक रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि हिमाचल में सरकार के अंदर सरकार चल रही है। पूरे प्रदेश में जिस प्रकार से कांग्रेस का नेतृत्व कार्य कर रहा है, उससे लगता है कि एक प्रदेश के कई मुखिया हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें