श्रद्धालुओं के लिए हर आधे घंटे में मिलेगी बस
नवरात्र के दौरान तारादेवी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने विशेष बस व्यवस्था की है। 11 से 20 अक्टूबर तक शिमला के पुराने बस अड्डे से मंदिर के लिए हर आधे घंटे के अंतराल पर बसें चलाने की व्यवस्था की गई है। सुबह 9:15 बजे से बस सेवा शुरू होगी। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर शोघी और आनंदपुर से शटल बसें भी चलाई जा सकती हैं। निगम ने बसों के नियमित संचालन और यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं।
19 अक्तूबर को होगा दंगल, विजेता को मिलेंगे 51 हजार रुपये
तारादेवी मंदिर में नवरात्र के दौरान अष्टमी पर आयोजित होने वाला पारंपरिक दंगल इस बार 19 अक्टूबर को होगा। इसके लिए नया और पहले से बड़ा अखाड़ा तैयार किया गया है। मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी ललित कुमार शर्मा के अनुसार, नए अखाड़े में करीब 3,000 से 4,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। दंगल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 51,000 रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाले पहलवान को 31,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इस आयोजन को लेकर भी श्रद्धालुओं और कुश्ती प्रेमियों में उत्साह रहने की उम्मीद है।
नवरात्र के दौरान मंदिर पहुंचने से पहले जान लें ये बातें
- मंदिर के कपाट सुबह 6 बजे खुलते हैं।
- पुराने बस अड्डे से एचआरटीसी बस सेवा सुबह 9:15 बजे से उपलब्ध होगी।
- टुटू चौक से सुबह 10 बजे निशुल्क बस सेवा का प्रावधान है।
- 19 अक्टूबर को मंदिर में दंगल आयोजित किया जाएगा।
- भीड़ के समय यात्रा की योजना बनाएं और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
तारादेवी मंदिर शिमला शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मंदिर पहाड़ी पर स्थित है और शिमला-कालका मार्ग से यहां पहुंचा जा सकता है।