राजधानी के अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव में प्राचीन भारतीय खेल मलखंब ने जादू बिखेरा। मलखंब की प्रस्तुति में खिलाड़ियों के अनोखे करतबों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। खास बात यह है कि शिमला ग्रीष्मोत्सव में पहली बार मलखंब की प्रस्तुति हुई। शिमला ग्रीष्मोत्सव के मंच पर दिल्ली की करुणा भारती संस्था के कलाकारों और खिलाड़ियों ने करीब 3:00 बजे मलखंब की प्रस्तुति दी। इसमें खिलाड़ियों के संतुलन, शक्ति और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खंभे और रस्सी पर हैरतअंगेज करतबों दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम के संयोजक संजय सूद ने कहा कि मलखंब एक प्राचीन भारतीय खेल है। रामायण और महाभारत काल से यह खेल खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय यह विलुप्त होने के कगार पर था लेकिन अब देश में इसका क्रेज बढ़ रहा है। टीम संयोजक संजय सूद ने कहा कि वह मूल रूप से सोलन के ही रहने वाले हैं। काफी समय से दिल्ली में मलखंब के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश में अपना पूरा जीवन मलखंब को देने के लिए तैयार है। प्रदेश सरकार बस उचित जगह और जरूरी मशीनरी मुहैया करवाए।
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव में दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान बड़ी संख्या में सैलानी और स्थानीय लोग कार्यक्रम देखने उमड़े। पुलिस बैंड ने अपने मधुर संगीत से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने विभिन्न प्रकार के देशभक्ति और लोकगीतों की धुनें बजाईं। बैंड की प्रस्तुति इतनी शानदार थी कि हर कोई झूम उठा। पुलिस बैंड के सदस्यों ने अपनी वर्दी में अनुशासन और जोश का संगम दर्शाया।
राजधानी के मालरोड पर अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव के दूसरे दिन हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा का पारंपरिक नृत्य ने लोगों का खूब ध्यान खींचा। इस दौरान हरियाणा का लोक नृत्य, राजस्थान का भवई नृत्य जिसमें सिर पर मटके रखकर कलाकारों ने अद्भुत संतुलन का प्रदर्शन किया गया। प्रस्तुति ने लोगों की खूब वाहवाही बटोरी। इसके साथ ही इस दौरान हिमाचली नाटी ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
ऐतिहासिक रिज मैदान पर अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के तीसरे दिन बुधवार को कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10:00 बजे रानी झांसी पार्क में बेबी शो प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रथम विजेता को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। मालरोड पर पुलिस सहायता कक्ष के पास माई चैंपियन-डॉग शो का आयोजन किया जाएगा। इसके विजेता को 25 हजार रुपये, जबकि उप विजेता को 20 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। गेयटी थियेटर में श्यामला मंथन का आयोजन किया जाएगा। अंग्रेजी और हिंदी भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। दोपहर 2:00 बजे गेयटी थियेटर में मुशायरा कवि सम्मेलन होगा। रंग मंच उत्सव के तहत मन के भंवर नाटक का मंचन होगा। शाम 4:00 बजे मालरोड पर स्कूली विद्यार्थियों का जुंबा नृत्य होगा। शाम 6:00 बजे से फन अट्रैक्शन में विभिन्न करैक्टर व स्टेच्यू मैन और फ्लावर शो का भी आयोजन होगा। तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचल के कलाकारों के नाम रहेगी। इसमें शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। स्टार नाइट में नाटी किंग कुलदीप शर्मा धमाल मचाएंगे।