लोअर, मिडल बाजार और मालरोड में हालात खराब, व्यापार मंडल से की बाजार बंद करने की मांग
शिमला। राजधानी में सब्जी मंडी के बाद अब लोअर बाजार, मिडल बाजार और मालरोड के कई कारोबारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें से कई कारोबारी अस्पताल में दाखिल हैं। इसके चलते शहर में कई दुकानें शुक्रवार से ही बंद हो गई हैं। कई कारोबारियों ने बिगड़ते हालातों को देखते हुए खुद ही दुकान बंद कर दी हैं। यह अगले कुछ दिन बाजार बंद रखने के लिए शिमला व्यापार मंडल से भी बात कर रहे हैं, लेकिन व्यापार मंडल का कहना है कि सरकार के ताजा निर्देशों के बाद बाजार बंद पर फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया जा सकता।
कारोबारी अपने स्तर पर ही दुकानें बंद कर सकते हैं। सरकार के निर्देशों के अनुसार लगातार दो दिन से ज्यादा बाजार बंद नहीं किए जा सकते। उपनगरों के कारोबारियों ने भी शिमला व्यापार मंडल और जिला प्रशासन से बाजार बंद की मांग कर दी है। संजौली के कारोबारी एवं समाजसेवी रवि कुुमार ने कहा कि अगले कुछ दिन बाजार बंद करने पर फैसला लिया जाए। यदि बाजार बंद नहीं हो सकते तो दुुकानें खोलने की टाइमिंग तय की जाए। घणाहट्टी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बाजार बंद पर जल्द फैसला लिया जाना चाहिए।