राज्य सचिवालय के शिखर सम्मेलन हॉल में चल रही राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अचानक उठकर तेजी से बाहर चले गए। चर्चा यह रही कि वह किसी बात से नाराज होकर कैबिनेट बैठक छोड़कर जा रहे हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तेजी से बाहर आए और सीढियों से ऊपर की मंजिल की ओर बढ़े। वह उन्हें मनाकर वापस कैबिनेट बैठक में ले गए।
इस मामले को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे एक नया प्रकरण उठने की चर्चा रही। तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रहीं। वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री उन्हें मनाकर ले जा रहे हैं। चर्चा होने लगी कि मंत्रिमंडल की बैठक में कोई विवाद हुआ हैैं। रोहित ठाकुर किसी बात पर नाराज होकर बाहर आए हैं। उनके विभागों से संबंधित कुछ एजेंडों का शामिल न होना भी इसकी वजह बताई जाती रही। चर्चा यह भी रही कि दो मंत्रियों में गहमागहमी हुई है। वहीं, जगत सिंह नेगी भी बैठक के बीच से उठकर चले गए। हालांकि बताया गया कि उन्हें टूअर पर जाना था।
हालांकि, बाद में कैबिनेट की बैठक खत्म होने के बाद रोहित ठाकुर मुस्कुराते हुए बाहर आए। उन्होंने कैबिनेट की बैठक की भी ब्रीफिंग की। जब उनसे पूछा गया कि क्या हुआ तो उन्होंने कहा - मेरी आंखों में कभी आंसू नहीं होते। हमेशा लाली रहती है। आज बेटा पहली बार हाॅस्टल जा रहा था। इसलिए बैठक से निकलकर बीसीएस जा रहा था, बोला गया कि एजेंडा पूरा करके जाओ तो बेहतर रहेगा। इसके बाद वापस लौट आया।
हम पहाड़ी आदमी हैं, भावुक हो जाते हैं : रोहित
बाहर आने के की वजह पूछी तो रोहित ठाकुर ने मुस्कराकर चुटकी की - हम पहाड़ी आदमी हैं, भावुक हो जाते हैं।