हिमाचल की राजधानी शिमला के मालरोड स्थित ऐतिहासिक इंडियन कॉफी हाउस 55 दिन बाद खोल दिया गया। कोरोना लॉकडाउन के चलते 23 मार्च से कॉफी हाउस बंद था। हालांकि अभी भी कॉफी हाउस के भीतर बैठकर खाने-पीने की इजाजत नहीं है, जिसके चलते ग्राहक मायूस हैं। पार्सल डिलीवरी के चलते यहां लोगों को मिट्टी के कप की जगह डिस्पोजेबल कप में कॉफी दी जा रही है। ग्राहकों को मिट्टी के कप में कॉफी न मिलने से कॉफी पीने का पुराना आनंद नहीं आ रहा।
कॉफी हाउस के प्रबंधक आत्माराम ने बताया कि कॉफी हाउस का गेट खुला होने के बाद बड़ी संख्या में लोग पूछताछ को आ रहे हैं, लेकिन जब उन्हें यह पता चलता है कि भीतर बैठने की इजाजत नहीं है तो मायूस होकर लौट जाते हैं। कॉफी हाउस की खासियत यह है कि यहां आराम से बैठकर लोग कॉफी सहित अन्य खाने-पीने की चीजों का आनंद लेते थे, लेकिन कोरोना के मौजूदा हालात के चलते भीतर बैठकर खाने-पीने की सख्त मनाही है। मंगलवार को भी लोगों ने कॉफी हाउस के सामने बेंच पर और तारघर के समीप रेन शेल्टर में बैठकर कॉफी का आनंद लिया। लोगों ने मांग उठाई की कॉफी हाउस के भीतर सामाजिक दूरी के साथ बैठने की इजाजत हो।