पहली बार एंटी चिट्टा वाॅलीबाल स्पर्धा का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 में पहली बार आयोजित की गई एंटी चिट्टा वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया है।
शिमला रेड ने मंडी को हराकर पहला खिताब अपने नाम किया है। शिमला के संजौली खेल मैदान में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार शुक्रवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मुकाबला शिमला रेड और मंडी की टीम के बीच हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। दोनों टीम के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मुकाबले के आखिरी सेट में शिमला रेड टीम ने बढ़त हासिल कर 3-2 के अंतर से मुकाबला जीत कर खिताब अपने नाम किया। शिमला समर फेस्टिवल में पहली बार एंटी चिट्टा वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नशे के खिलाफ संदेश देने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेशभर के विभिन्न जिलों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसमें विजेता को चमचमाती ट्रॉफी और एक लाख रुपये की राशि इनाम के रूप में प्रदान की गई।
उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा मंडी से सियाल को बेस्ट अटैकर, शिमला रेड से कृश बेस्ट सेटर, कुल्लू से हिमांशु लिब्रो और शिमला रेड से पीयूष बेस्ट ब्लॉकर चयनित किए गए। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमों को भी 20-20 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता के समापन पर शहर के विधायक हरीश जनारथा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया।