रेलवे बोर्ड की जानकारी के अनुसार, कालका-शिमला 52457 ट्रेन शुक्रवार को निर्धारित समय सुबह 3:30 बजे कालका से रवाना हुई, लेकिन जैसे ही ट्रेन सनवारा पहुंची, सूचना मिली कि ट्रैक पर पत्थर गिरे हैं। इसके बाद ट्रेन को रोक दिया गया। कुछ देर बाद ट्रेन को धर्मपुर के लिए रवाना किया गया। इसके बाद यही ट्रेन जैसे ही बड़ोग रेलवे स्टेशन से आगे निकली, जंगल में गिरे पत्थरों के कारण फंस गई। वहीं, शोघी से थोड़ा पहले जंगल में हुए भूस्खलन के कारण यह ट्रेन करीब 30 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। यह ट्रेन सुबह 8:50 बजे की बजाय 10:50 बजे शिमला पहुंची। वहीं, अप शिवालिक डीलक्स 52451 ट्रेन 40 मिनट और कालका-शिमला एक्सप्रेस 52453 ट्रेन 45 मिनट की देरी से चली। इसी के साथ शिमला से कालका जाने वाली कालका-शिमला एक्सप्रेस 52458 ट्रेन भी सुबह 10:55 बजे की बजाय करीब सवा दो घंटे देरी से दोपहर 1:10 बजे कालका के लिए रवाना हुई। वहीं, डाउन शिवालिक डीलक्स 52452 ट्रेन भी भूस्खलन के कारण करीब 24 मिनट तक कैथलीघाट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि बरसात के दौरान ट्रैक पर पत्थर गिरे थे, जिन्हें टीम ने साफ कर दिया है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरा ध्यान रखा गया है।